Wife Love Affair: ‘अगर मेरे साथ रहना है तो मेरे प्रेमी आशु को भी घर में रखना होगा’, ये शर्त चार बच्चों की मां ने अपने पति के सामने रखी। जब पति ने शर्त नहीं मानी तो पत्नी बच्चों के साथ घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर प्रेमी के साथ भाग गई। मामला मध्यप्रदेश के ग्वालियर का है, जहां पत्नी के बच्चों को लेकर बॉयफ्रेंड के साथ भागने के बाद पति ने एसपी की जनसुनवाई में शिकायत की है। पीड़ित पति ने ये भी आरोप लगाया है कि पत्नी ने उसे जान से मरवाने की धमकी दी है।
‘बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ भागी पत्नी’
ग्वालियर में रहने वाले राजकुमार कुशवाह मंगलवार को एसपी ऑफिस में हुई जनसुनवाई में अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि उनकी शादी साल 2008 में पूनम कुशवाह के साथ हुई थी। उनकी तीन बेटियां व एक बेटा है, लेकिन शादी के इतने साल बाद पत्नी पूनम ने किसी दूसरे लड़के के चक्कर में परिवार को बर्बाद कर दिया है। पत्नी का आशु उर्फ कमल सेन नाम के युवक से अफेयर चल रहा है और वह बच्चों के साथ सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर चली गई।

‘पति के साथ घर में प्रेमी को रखने की शर्त’
पीड़ित पति राजकुमार ने बताया कि इसी साल की शुरुआत में 22 जनवरी 2026 को पूनम घर से बिना बताए कहीं चली गई। 2 महीने बाद मार्च 2026 में वो घर वापस आई और जब उससे पूछा कि कहां गई थी तो उसने कहा कि वो आशु उर्फ कमल सेन से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है। इतना ही नहीं पूनम ने पति के सामने शर्त रखी कि अगर उसे घर में रखना है तो साथ में उसके प्रेमी आशु को भी घर में रखना पड़ेगा। पूनम ने ये भी कहा कि अगर आशु को घर में नहीं रखा तो वो घर छोड़कर चली जाएगी।
सिर फोड़ा और बच्चों व जेवरात लेकर चली गई
पीड़ित पति राजकुमार ने अधिकारियों को बताया कि 5 मई 2026 को सुबह पत्नी पूनम फिर घर से कहीं चली गई और दोपहर में घर वापस आई। घर वापस लौटकर आने के बाद पूनम ने उसे धमकाया कि उसे झूठे केस में फंसा देगी। राजकुमार का आरोप है कि पूनम ने सिर पर वार कर उसका सिर फोड़ दिया और घर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लिए और चारों बच्चों के साथ घर से रवाना हो गई। राजकुमार का कहना है कि पूनम उसे धमकी देकर गई है कि वो उसकी हत्या करवा देगी। पुलिस पति राजकुमार के आरोपो की जांच कर रही है, ताकि पत्नी के बच्चों सहित घर छोड़कर जाने की असली वजह साफ हो सके।


