अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देशों के बीच संघर्ष के चलते पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में निरंतर बढ़ोतरी के बीच अब पेट्रोल और डीजल की किल्लत के हालात भी सामने आने लगे हैं। सीमांत जैसलमेर जिले में इन दिनों ईंधन संकट जैसे हालात बनते नजर आ रहे हैं। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल की अनियमित सप्लाई से स्थिति बनी हुई है। कई गांवों और कस्बों के पंपों पर बार-बार स्टॉक खत्म होने से वाहन चालकों, किसानों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। शहरी क्षेत्र में भी पेट्रोल पम्पों पर डीजल की अनुपलब्धता जैसी स्थितियां सामने आ रही हैं। दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आमजन की आर्थिक चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीण इलाकों में पेट्रोल पम्प संचालक अपने स्तर पर 5 से 10 लीटर प्रति वाहन को डीजल का बेचान कर एक तरह की कोटा आधारित वितरण प्रणाली अपना रहे हैं। उनका कहना है कि मांग की तुलना में आपूर्ति में कमी के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है।


