Rajasthan : प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद हवाई फायरिंग, भारी पुलिस जाप्ता तैनात

Rajasthan : प्रतिमा स्थापना को लेकर बवाल, पुलिस पर पथराव के बाद हवाई फायरिंग, भारी पुलिस जाप्ता तैनात

दौसा। जिले के लालसोट थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुरा (आगला रामा की ढाणी) में खातेदारी भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर रविवार देर रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। समझाइश के लिए पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने अचानक पथराव कर दिया। घटना में कांस्टेबल लहरीलाल और सतीश सिंह घायल हो गए, जबकि सरकारी वाहन का शीशा टूट गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आत्मरक्षा में एक राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस जाप्ता तैनात कर दिया गया है।

थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक समाज विशेष के लोग सीताराम आदि की खातेदारी भूमि पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं। मौके पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए थे। पुलिस ने समझाइश कर एक पक्ष को वहां से हटा दिया, लेकिन दूसरे पक्ष ने प्रतिमा स्थापना रोकने से नाराज होकर पुलिस पर ही पथराव शुरू कर दिया।

पांच जनों को मौके से किया गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाथूलाल पुत्र सुवालाल बैरवा, हनुमान पुत्र बजरंग बैरवा, रामस्वरूप पुत्र गंगाधर बैरवा, कमलेश कुमार बैरवा पुत्र मोहनलाल बैरवा और रवि कुमार बैरवा पुत्र गोपाल लाल बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं खेमराज बैरवा, मुकेश, कमलेश पुत्र सुवालाल, बृजेश, दिलखुश पुत्र जगदीश, इन्द्र, रमेश, मुनेश और दिलखुश पुत्र रमेश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद मंडावरी, रामगढ़ पचवारा और जांमदा थानों के साथ रिजर्व पुलिस लाइन से अतिरिक्त जाब्ता मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने 14 नामजद आरोपियों सहित 50-60 महिला-पुरुषों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

इधर, खटवा गांव की ढंड की ढाणी निवासी भगवान सहाय राजेश कुमार शर्मा ने उनकी खातेदारी भूमि में जबरन प्रतिमा स्थापित करने के प्रयास को लेकर 22 जनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।

मौके पर पहुंचे एसडीएम व राजस्व टीम

मामले की सूचना पर एसडीएम और राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। राजस्व टीम ने जांच में भूमि को रामजीलाल, सीताराम शर्मा आदि की निजी खातेदारी भूमि बताया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रतिमा को कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखवा दिया है। इलाके में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *