लखीमपुर खीरी : लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र में एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सीओ (सर्किल ऑफिसर) की सरकारी बोलेरो से कुचलकर मामा-भांजे की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों व्यक्ति सिर के बल सड़क पर गिरे और बाइक करीब 3 फीट हवा में उछल गई।
मोहम्मदी से पसगंवा थाना दिवस में जा रहे मोहम्मदी सीओ अरुण कुमार सिंह की बोलेरो और सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। बाइक पर सवार जयराम (50) और उनके भांजे राम अवतार (45) दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत मोहम्मदी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां जयराम को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राम अवतार को इलाज के लिए भर्ती किया गया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई।
शाहजहांपुर के रहने वाले थे दोनों
दोनों शाहजहांपुर जिले के अनाया गांव के रहने वाले थे। राम अवतार अपनी ससुराल (पिहानी क्षेत्र) में रहकर खेतीबाड़ी करते थे। वे खेती के लिए दवा खरीदने मामा जयराम के साथ मोहम्मदी जा रहे थे।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक राम अवतार की पत्नी रेशमा और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीएम मोहम्मदी, तहसीलदार, इंस्पेक्टर समेत भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
सरकारी बोलेरो ने तेज रफ्तार से मारी टक्कर
मृतक राम अवतार के बेटे अनुज ने मोहम्मदी थाने में सीओ अरुण कुमार सिंह और उनके ड्राइवर के खिलाफ तहरीर दी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि सरकारी बोलेरो तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही थी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने ड्राइवर को नशे की हालत में होने का भी दावा किया है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि वे पुलिस टीम के साथ थाना दिवस में जा रहे थे। अचानक सामने से तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बोलेरो में टक्कर मार दी। हादसे में उनके ड्राइवर को भी चोट आई है।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने दिया बयान
लखीमपुर खीरी की एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने बताया, ‘दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत पर उचित कार्रवाई की जाएगी।’ पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है और घटनास्थल पर साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी है।


