Pali Murder: 5 साल से अलग रह रही थी पत्नी, पति ने मीठी बातों में फंसाया, आधी रात मौत के घाट उतारा

Pali Murder: 5 साल से अलग रह रही थी पत्नी, पति ने मीठी बातों में फंसाया, आधी रात मौत के घाट उतारा

पाली। जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। थाने से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित गुड़ा ठाकुरजी गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में भय का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार भादरलाऊ निवासी झूमली (55) पिछले करीब पांच साल से अपने पति नारायणलाल देवासी से अनबन के चलते अलग रह रही थी।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस ने बताया कि वह अपने पांच बच्चों के साथ पीहर गुड़ा ठाकुरजी गांव में किराए के मकान में रहकर गुजर-बसर कर रही थी। परिवार के लोगों के अनुसार लंबे समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण झूमली ने पति से दूरी बना ली थी। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले नारायणलाल अचानक गुड़ा ठाकुरजी पहुंचा। उसने अपनी पत्नी को मीठी बातों के जाल में फंसाया, दोबारा साथ रहने का नाटक किया और उसका विश्वास जीत लिया। परिवार को लगा कि दोनों के बीच रिश्ते फिर से सामान्य हो रहे हैं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि आरोपी के मन में खौफनाक साजिश चल रही है।

आरोपी मौके से फरार

शुक्रवार आधी रात को जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी नारायणलाल ने सोती हुई पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में झूमली गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य जागे, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। परिजन घायल महिला को संभालते रहे, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इलाके में सनसनी, पुलिस की टीमें तैनात

वारदात की सूचना मिलते ही खिंवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका की मां कमला देवासी की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। खिंवाड़ा थाना प्रभारी उगमराज सोनी ने बताया कि आरोपी पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *