Development Project: ₹1393.34 करोड़ के बजट में नागौर से जोधपुर तक बनेगा 87KM लंबा फोरलेन और 19KM का बायपास

Development Project: ₹1393.34 करोड़ के बजट में नागौर से जोधपुर तक बनेगा 87KM लंबा फोरलेन और 19KM का बायपास

Rajasthan Development Project: केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से गत वर्ष जारी नागौर से जोधपुर के नेतड़ा तक 87 किलोमीटर के फोरलेन व गोगेलाव से अमरपुरा तक 19 किमी के बायपास रोड के लिए भी अभी और इंतजार करना होगा। हालांकि मंत्रालय ने फाइनेंशियल बिड खोलने के बाद अनुबंधित फर्म को अलॉय जारी कर दिया है। सिविल वर्क 884 करोड़ में होगा। यह कार्य शुरू होने में अभी कुछ समय और लगेगा।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इसमें 40 फीसदी राशि मंत्रालय देगा, जबकि 60 फीसदी राशि फर्म को लगानी होगी। इसका भुगतान 15 साल तक सडक़ का मेंटेनेंस करने पर किस्तों में किया जाएगा।

अभी यह प्रक्रिया पूरी करनी शेष

वर्क ऑर्डर जारी करने से पहले फर्म से 884 करोड़ की 60 प्रतिशत राशि की बैंक गारंटी ली जाएगी। साथ ही वन विभाग की एनओसी भी लेनी है, जिसकी प्रक्रिया लखनऊ कार्यालय में चल रही है। फर्म को राशि की व्यवस्था के लिए छह माह का समय मिला है। ऐसे में वर्क ऑर्डर अक्टूबर-नवम्बर तक जारी होने की उम्मीद है।

11 महीने पहले जारी हुई स्वीकृति

केन्द्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल मार्च में नागौर से जोधपुर के नेतड़ा फोरलेन की स्वीकृति जारी की थी। इसके बाद शहर के चारों ओर रिंग बनाने के लिए मंत्रायल ने शेष रहे बीकानेर रोड से लाडनूं रोड को मिलाने वाले हिस्से के बायपास की स्वीकृति भी जारी कर दी। दोनों कार्यों को ‘हेम मोड’ में कराने के लिए 10 जून 2025 को मंत्रालय ने कुल 1393.34 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की। इसके बाद बावड़ी व नागौर में बनने वाले बायपास के लिए जमीन अधिग्रहण का कार्य शुरू किया गया, जो अंतिम चरण में है।

पत्रिका ने उठाया मुद्दा, मिली सफलता

नागौर शहर से गुजरने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्गों के कारण यहां दिन-रात भारी वाहनों का आवागमन रहता है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं भी होती है। इसका समाधान कराने के लिए राजस्थान पत्रिका ने नागौर से जोधपुर के बीच फोरलेन व नागौर रिंग रोड के शेष रहे भाग को लेकर बायपास बनाने का मुद्दा उठाया। पत्रिका ने सिलसिलेवार समाचार प्रकाशित कर जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट किया। इसके बाद सांसद हनुमान बेनीवाल ने मंत्री गडकरी से मिलकर बायपास के लिए बजट स्वीकृत करने की मांग की। जिस पर मंत्रालय ने तीन साल पहले बायपास की डीपीआर बनाने के लिए बजट दिया। गत वर्ष 16 किमी के बायपास के लिए बजट स्वीकृत किया।

इनके प्रस्ताव भी मंत्रालय को भेजे

एनएच खंड नागौर के अधिकारियों ने बायपास व फोरलेन की स्वीकृति के बाद दिशा की बैठक में सांसद बेनीवाल की ओर से दिए गए निर्देश पर नागौर शहर के लेफ्ट आउट पोर्शन को फोरलेन बनाने के 118.04 करोड़ के प्रस्ताव भी मंत्रालय को भेज दिए हैं। इसमें पहला, मूण्डवा तिराहा से अठियासन फ्लाईओवर तक 4.30 किमी, दूसरा, मानासर आरओबी से नागौर बायपास तक 7.30 किमी तथा विजय वल्लभ चौक से अमरपुरा बायपास तक 2.50 किमी लम्बाई के फोरलेन शामिल हैं।

अलॉय जारी हो गया

फोरलेन व बायपास निर्माण के लिए फाइनेंशियल बिड खोलने के बाद फर्म को अलॉय जारी हो गया है। अब वन विभाग से एनओसी लेने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही फर्म को 60 प्रतिशत राशि की बैंक गारंटी देने के लिए छह महीने का समय दिया है, जो पूरी होने के बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
दीपक परिहार, एक्सईएन, एनएच, नागौर खंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *