गोंडा के तरबगंज तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर चलाकर हटाया गया है। बड़नापुर गांव में एक सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से बनाई गई दीवार को ध्वस्त कर दिया गया। इस जमीन पर अब बारात घर का निर्माण किया जाएगा।सरकारी अभिलेखों में दर्ज इस रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर दीवार खड़ी की गई थी। तरबगंज तहसील प्रशासन द्वारा इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी की गई थी, लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। नोटिस का पालन न होने पर, तरबगंज तहसील प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बुलडोजर की मदद से दीवार को तोड़कर सरकारी जमीन को खाली कराया। खाली कराई गई यह बेशकीमती जमीन अब ग्राम प्रधान को सौंप दी गई है। यहां एक बारात घर का निर्माण होगा, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी। तरबगंज तहसील प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसा प्रयास किया गया, तो कानूनी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
तहसीलदार आशुतोष पांडेय ने बताया कि रास्ते की जमीन को कब्जा कर लिए थे जिससे पीछे सरकारी जमीन पर लोग नहीं जा पा रहे थे अब यहां पर ग्राम प्रधान द्वारा बारात घर का निर्माण कर जाएगा। पुनः अगर किसी ने इस पर अवैध अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी लाल जी दुबे, तहसीलदार आशुतोष पांडेय, थाना अध्यक्ष उमरी बेगमगंज चंदन, राजस्व निरीक्षक अवधेश द्विवेदी, लेखपाल अंकित, सुशील और विजय प्रकाश तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


