जालंधर जिले की नूरमहल पुलिस ने मोटरसाइकिल लूटने के आरोप में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लूट में इस्तेमाल की गई एक खिलौना पिस्तौल, 2 लोहे की छड़ें और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है। यह घटना 15 मई को हुई थी। एसएचओ लाभ सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि जंडियाला, जमशेर, जालंधर निवासी आकाशदीप, जगजीत पुत्र राम लुभाया ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 मई, 2026 की शाम करीब 06:30 बजे वे अपनी मोटरसाइकिल नंबर PB 08 DM 0654, ब्रांड स्प्रेडर, रंग काला पर गांव भंडाला से गांव शेखा जा रहे थे। गांव शेखा पहुंचते ही पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। इनमें से तीन मोटरसाइकिल पर सवार थे और दो पैदल खड़े थे। आरोपियों ने आकाशदीप को एक खिलौना पिस्तौल और लोहे की छड़ें दिखाकर डराया और उनकी मोटरसाइकिल छीन ली। इसके बाद वे शेखा गांव से लिट्रा की ओर भाग गए। सभी आरोपी नकोदर के रहने वाले पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर उनकी पहचान आकाश गिल (पुत्र शाम, निवासी मोहल्ला मुनारा, नकोदर), लवप्रीत (पुत्र बलकार, निवासी मोहल्ला गुरु नानकपुरा, नकोदर), अमृतपाल उर्फ अमृत (पुत्र सतनाम, निवासी पत्ती पुरेवाल शंकर), गगनदीप (पुत्र अमरजीत उर्फ भूंडी, निवासी पत्ती ताखर शंकर) और गुरप्रीत सिंह (पुत्र परजीत सिंह, निवासी चक मुगलानी) के रूप में की। पुलिस ने मौके पर ही सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूट में इस्तेमाल की गई खिलौना पिस्तौल, दो लोहे की छड़ें, लूटी गई मोटरसाइकिल स्प्रेडर और आरोपियों की अपनी मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई। एएसआई सुभाष चंद्र ने इस संबंध में थाना नूरमहल, जिला जालंधर ग्रामीण में मामला नंबर 70, दिनांक 15 मई 2026 को धारा 310(2), 126(2), 317(3) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


