खैरथल-तिजारा जिले के चौपानकी थाना क्षेत्र के झीवाना गांव में जमीन विवाद को लेकर एक विवाहिता पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने घर में घुसकर 30 वर्षीय रुखसाना के साथ लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई, जिसे पहले भिवाड़ी जिला अस्पताल और बाद में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।मामला शनिवार शाम का हैं। पीड़िता के पति रईस खान ने बताया कि उनकी पत्नी रुखसाना घर पर अकेली थी। इसी दौरान उनके बड़े भाई कय्यूम, भाभी आयशा, भतीजे शोयब, भतीजी नसरीन सहित 7-8 लोग घर में घुस आए और रुखसाना पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि उसके भाई उसकी जमीन हड़पना चाहते हैं और इसी विवाद को लेकर हमला किया गया। रईस खान ने बताया कि वे पिछले डेढ़ साल से अलग रह रहे थे और पिता से मिलने गांव आए थे। इसी दौरान आरोपियों ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है।


