जोधपुर में गैंगरेप पीड़िता ने जहर खाकर दी जान, बहन ने भी बलात्कार के बाद कर ली थी आत्महत्या, पुलिस पर गंभीर आरोप

जोधपुर में गैंगरेप पीड़िता ने जहर खाकर दी जान, बहन ने भी बलात्कार के बाद कर ली थी आत्महत्या, पुलिस पर गंभीर आरोप

Jodhpur Gang Rape Victim Dies: जोधपुर: जोधपुर-नागौर रोड पर स्थित एक गांव में शुक्रवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक सामूहिक बलात्कार पीड़िता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर कीटनाशक (जहर) खा लिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतका का शव जोधपुर के एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पीड़िता ने करीब एक महीने पहले, 11 अप्रैल को स्थानीय थाने में आठ लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि पुलिस इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी बात से परेशान होकर वह शुक्रवार सुबह गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई।

क्या बोले ग्रामीण एसपी पीडी नित्या

ग्रामीण एसपी पीडी नित्या के मुताबिक, पीड़िता ने जो मामला दर्ज कराया था, वह करीब चार साल पुराना है और इसकी जांच सीओ (CO) स्तर के अधिकारी कर रहे थे।

बहन भी कर चुकी है आत्महत्या

इस मामले में एक और दुखद पहलू सामने आया है। मृतका ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसकी बहन के साथ भी गलत काम किया था। उसकी बहन ने भी इसी साल 20 मार्च को अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उस समय मर्ग दर्ज किया था, लेकिन आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था।

बचाने की कोशिश के दौरान उठाया कदम

शुक्रवार सुबह जब महिला टंकी पर चढ़ी, तो ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी। तहसीलदार और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला को समझाने-बुझाने की कोशिश की।

रास्ते में तोड़ा दम

जब पुलिसकर्मी महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए टंकी पर चढ़ने लगे, तो उसने घबराकर या गुस्से में आकर कीटनाशक खा लिया। जहर खाते ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पुलिस उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जोधपुर रेफर किया गया। लेकिन, बदकिस्मत से रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव और शोक का माहौल है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *