Rajasthan Nautapa : राजस्थान में 25 मई नौतपा शुरू हो जाएगा। घाटोल में कर्क रेखा पर स्थित बांसवाड़ा में सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने के साथ 25 मई से नौतपा शुरू हो जाएगा और गर्मी ज्यादा होगी। मान्यता है कि इन 9 दिनों तक सूर्यदेव उग्र गर्म में रहते हैं। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही उत्तरी गोलार्द्ध से नजदीकी के साथ पृथ्वी का तापमान बढ़ जाता है। खासकर कर्क रेखा जिन क्षेत्रों से गुजरती है, वहां भीषण गर्मी का सामना करना पड़ता है।
पंडित अरुण व्यास के अनुसार सूर्य रोहिणी नक्षत्र में 25 मई को 3.37 बजे प्रवेश के बाद 8 जून को 1.33 बजे तक यानी 15 दिन की अवधि तक इसी नक्षत्र में रहेंगे। इससे प्रवेश के प्रारंभिक 9 दिन यानी 2 जून तक नौतपा का प्रभाव अपने चरम पर रहेगा और तेज धूप व गर्मी पड़ेगी। इस बीच जितना तापमान चढ़ेगा, आने वाले समय में उतनी ही अच्छी वर्षा की संभावना रहेगी।
लू के थपेड़ों से आमजन बेहाल, दमकल से की फुहार
अंचल में गर्मी अपने पूरे परवान पर है। बांसवाड़ा शहर सहित पूरा जिला भीषण गर्मी के दौर से गुजर रहा है। सुबह से शुरू होने वाली गर्म हवाएं देर रात्रि तक चल रही हैं। इससे देर रात्रि तक लोगों को सुकून नहीं मिल रहा है। इधर, सूरज की तपन लगातार बढ़ने पर शहर में गुरुवार दोपहर को नगर परिषद् ने मुख्य मार्गों पर पानी से छिड़काव किया।
शहर में गुरुवार सुबह से ही आसमान साफ नजर आया। इससे सूरज की सीधी किरणें आई और लोगों को चुभती और जलती हुई गर्मी का अहसास हुआ। दिन चढ़ने के साथ ही सूरज की तपन बढ़ती रही।
अगले 48 घंटे राहत, फिर बढ़ेगी तपिश
वहीं मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार आगामी 48 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा लंबी नहीं रहेगी। 17 मई से पश्चिमी राजस्थान में एक बार फिर तीव्र हीटवेव का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
उधर फलोदी, जैसलमेर और बाड़मेर में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि बीकानेर, श्रीगंगानगर और जोधपुर तेज गर्मी की चपेट में हैं। शुक्रवार को बीकानेर, फलोदी, श्रीगंगानगर और जैसलमेर में लू की चेतावनी दी है।


