लखीमपुर के दुधवा टाइगर रिजर्व के बफरजोन क्षेत्र में बाघ ने एक युवक पर हमला कर दिया। बुधवार सुबह हुई इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि ग्रामीणों की मदद से उसकी जान बच गई। घटना कुकरा गांव निवासी सूरज (27) पुत्र कमलेश के साथ हुई। सूरज सुबह करीब नौ बजे छैरासी बीट के पास अपने खेत में मवेशियों के लिए घास काट रहा था। इसी दौरान जंगल से निकले एक बाघ ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सूरज संभल नहीं पाया और बाघ ने उसे अपने पंजों से जकड़ लिया। युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों से शोर मचाना शुरू किया, जिससे बाघ घबराकर युवक को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस हमले में सूरज के जबड़े, दाहिने हाथ, पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि बफरजोन क्षेत्र में बाघों की बढ़ती आवाजाही के कारण खेतों में काम करना भी जोखिम भरा हो गया है।


