मेरठ के जिला जज अनुपम कुमार अब मिर्जापुर के डिस्ट्रिक्ट जज हो गए हैं। बुधवार रात डीजे अनुपम कुमार का तबादला मिर्जापुर कर दिया गया है। वहीं मिर्जापुर के डीजे अरविंद मिश्रा को मेरठ का नया जिला जज बनाया गया है।
बता दें कि अनुपम कुमार को मेरठ में लगभग 4 महीने का समय हुआ था। इस समय जिला जज की कोर्ट में सबसे महत्वपूर्ण सौरभ हत्याकांड केस का ट्रायल चल रहा है। देशभर में चर्चित नीले ड्रम केस की सुनवाई हो रही है। सौरभ हत्याकांड केस में होंगे तीसरे जज
जिला जज अनुपम कुमार की अदालत में ये केस लगातार सुनवाई में चल रहा था। जिस पर उन्होंने काफी तेजी से तारीखें लगाकर और सुनवाइयां पूरी कराईं। इस केस में 22 गवाहों की गवाही पूरी कराकर, 313 की प्रक्रिया पूरी कराई। अब सौरभ हत्याकांड के केस में फाइनल बहस शुरू होने वाली है। 13 मई को ये फाइनल बहस शुरू होनी थी। लेकिन वकीलों की हड़ताल होने के कारण बहस 14 मई के लिए टल गई। 14 मई को भी बहस शुरू नहीं हो सकी और देर शाम जिला जज का तबादला हो गया। अब नए जिला जज अरविंद मिश्रा के आने पर ही सौरभ हत्याकांड के केस में आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। फाइनल बहस प्रारंभ होगी। ऐसे में माना जा रहा है कि केस में अदालत का फैसला अब 10 मई के बाद ही आ पाएगा। ये और आगे भी बढ़ सकता है। डीजीसी केके चौबे ने बताया कि जिला जज का तबादला हो गया है अब अनुपम मिश्रा नए जिला जज होंगे उनके सामने ही सौरभ मर्डर केस की सुनवाईयां होंगी। इस केस में अब ये तीसरे जज होंगे।


