मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी स्थित थडोद टोल प्लाजा के समीप बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पिपलिया मंडी निवासी वसीम खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वसीम खान अपनी मोटरसाइकिल से महू-नीमच हाईवे से गुजर रहे थे, तभी थडोद टोल प्लाजा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और सिर डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में अत्यधिक खून बहने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेंस
घटना की जानकारी मिलते ही टोल टैक्स की एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस में तैनात डॉक्टर पैरामेडिकल विशाल गिरीश भाटी, पायलट गोविंद सिंह देवड़ा तथा हेल्पर दिनेश बागड़ी ने घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जैसे ही हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में मातम छा गया। जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।


