मां की लाश के पास पड़ा मिला 8 महीने के मासूम का शव, हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर नींद की एक झपकी ने छीन ली तीन जिंदगियां

मां की लाश के पास पड़ा मिला 8 महीने के मासूम का शव, हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर नींद की एक झपकी ने छीन ली तीन जिंदगियां

Ganga Expressway Accident Hapur: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रविवार की सुबह मातम में बदल गई। यहां गंगा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार कैंटर अचानक बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही एक 8 महीने का मासूम बच्चा व दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। हादसे में दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह 3 बजे हुआ भीषण हादसा

यह दर्दनाक हादसा बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव जखेड़ा रहमत के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक कैंटर बरेली से सामान और सवारियां लेकर लुधियाना की ओर जा रहा था। रविवार सुबह करीब 3 बजे अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा। रात के सन्नाटे में हुई इस टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग डर गए।

नींद की झपकी बनी काल

पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना या वाहन की तेज रफ्तार बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जिससे उसमें सवार लोगों को निकलने तक का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची बहादुरगढ़ पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला।

हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया

इस भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। मृतकों की पहचान हरदोई के मांझ गांव निवासी अभिषेक की 28 वर्षीय पत्नी श्रीदेवी और उनके महज 8 महीने के मासूम बेटे अभिजीत के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में जान गंवाने वाली तीसरी महिला बरेली के फतेहगंज के गांव की रहने वाली सावित्री देवी (32 वर्ष) थी, जो लालाराम की पत्नी थी। हादसे में अभिषेक और लालाराम दोनों ही लहूलुहान हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई और यातायात

मौके पर पहुंची सीओ ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात को दोबारा सुचारू रूप से शुरू कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी की वजह से हुई या मानवीय चूक के कारण हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *