मदर्स डे पर ‘नारी ऑन व्हील्स’ का आयोजन: माताओं ने दिया फिटनेस का संदेश, मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी

मदर्स डे पर ‘नारी ऑन व्हील्स’ का आयोजन: माताओं ने दिया फिटनेस का संदेश, मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी

अलवर शहर में रविवार को मदर्स डे का उत्सव बड़े ही अनूठे और प्रेरणादायक अंदाज में मनाया गया। राजस्थान पत्रिका और खंडेलवाल महिला मंडल संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘नारी ऑन व्हील्स 2026’ साइकिल रैली ने पूरे शहर को गुलाबी रंग में सराबोर कर दिया। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने अंबेडकर सर्किल से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के उत्साह की सराहना करते हुए इसे सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।

20 से 70 साल की माताओं ने दिखाया दम

रैली की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि इसमें 20 साल की युवतियों से लेकर 70 साल की बुजुर्ग महिलाओं ने भी पूरे जोश के साथ साइकिल चलाई। कई माताएं तो अपने बच्चों को साइकिल पर साथ बैठाकर निकलीं, जो इस बात का प्रतीक था कि एक मां अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ खुद के स्वास्थ्य और शौक को भी बखूबी निभा सकती है। रैली अंबेडकर सर्किल से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौराहों से गुजरती हुई नंगली सर्किल पर संपन्न हुई।

पुरस्कारों और सजावट ने जीता दिल

साइकिल रैली को केवल एक दौड़ नहीं बल्कि एक उत्सव का रूप दिया गया था। मार्ग में नगर निगम की ओर से बनाई गई रंगोलियां और उन पर लिखे संदेश जैसे ‘मां एक नाम नहीं, पूरी दुनिया का सम्मान है’ लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। रैली में साइकिलों की सुंदर सजावट, बेस्ट ड्रेस-अप और सरप्राइज गिफ्ट्स जैसी प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। रश्मि इस प्रतियोगिता की विजेता रहीं, जबकि नीतू रानी, मुस्कान परजापत और पायल खंडेलवाल उपविजेता चुनी गईं। विजेताओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सहयोग और सुरक्षा का रहा पुख्ता इंतजाम

संस्थान की अध्यक्ष अदिति गुप्ता ने बताया कि प्रतिभागियों को पिंक टी-शर्ट और कैप वितरित किए गए थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में अलवर प्रशासन, नगर निगम और अरावली ट्रैकर्स टीम का विशेष सहयोग रहा। मार्ग में सुरक्षा के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती थी और प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की भी पूरी व्यवस्था की गई थी। सेल्फी बूथ पर महिलाओं ने अपनी यादगार तस्वीरें लीं और इस दिन को सोशल मीडिया पर भी खूब साझा किया।

fdfsdf

आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने इस अवसर पर कहा कि मां ईश्वर का दिया सबसे अनमोल उपहार है और हमें उनके सम्मान के साथ-साथ पर्यावरण की स्वच्छता का भी ध्यान रखना चाहिए। अंत में अदिति गुप्ता ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार जताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के अपने उद्देश्य में पूरी तरह सफल रहा है।

fdfd

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *