आज का सवाल – जैसलमेर में इस साल प्रचंड गर्मी के हालात बने हुए हैं। ऐसे में आमजन को कई तरह के इंतजामों की दरकार है। प्रशासन इस मोर्चे पर कितना मुस्तैद है?
जैसलमेर में इस साल निरंतर प्रचंड गर्मी के हालात बने हुए हैं। लू के थपेड़ों और सूरज की तपिश से लोगों के हाल बेहाल बने हुए हैं। कई ऐसे पहलू हैं, जिन पर प्रशासन की ओर से मुस्तैदी से काम करते हुए लोगों को राहत दिलाई जा सकती है। प्रतिकूल मौसम की मार लोगों पर कम से कम पड़े, यह सुनिश्चित करना विभिन्न सरकारी महकमों की जिम्मेदारी है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे राहत
जैसलमेर में इस बार गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दोपहर के समय सडक़ें सूनी नजर आती हैं। ऐसे में प्रशासन को प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्रों में ठंडे पेयजल व छायादार विश्राम स्थलों की व्यवस्था बढ़ानी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों तक राहत उपायों को और प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जरूरत है।
- नमन कुमार
पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान हो
भीषण गर्मी में महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होने से हालात और कठिन बन जाते हैं। प्रशासन को पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए। अस्पतालों में भी गर्मी जनित बीमारियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं और दवाइयां उपलब्ध रहनी चाहिए।
- चांदाराम वणल
जागरुकता का चले अभियान
दोपहर के समय बाजारों में ग्राहक कम आने लगे हैं। लू के थपेड़ों से आमजन परेशान हैं। नगर परिषद और प्रशासन को सार्वजनिक स्थानों पर पानी के टैंकर, प्याऊ और अस्थायी शेड लगाने चाहिए। प्रशासन की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाना चाहिए ताकि लोग लू से बचाव के उपाय अपनाएं।
- अंकुर थानवी
पशुओं को मिले पीने का पानी
गर्मी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन को विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था करनी चाहिए क्योंकि हमारा जिला पशुपालन बाहुल्य वाला है। - उपेंद्र आचार्य
अगले सप्ताह का सवाल –
जैसलमेर में पर्यटन व्यवसाय ठप है। ऐसे हालात में इस क्षेत्र से जुड़े लोगों के सामने अस्थायी बेरोजगारी के हालात बन गए हैं। उन तक कैसे शासन-प्रशासन की राहत पहुंचे, इस संबंध में अपनी प्रतिक्रिया फोटो सहित निम्न नम्बर पर भिजवाएं। 9462246222 - गांधी प्रेरक समाज में सकारात्मक ऊर्जा भरेंगे
जैसलमेर. महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति जैसलमेर ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों में गांधी वाचनालय बनाने का निर्णय लिया है। इन वाचनालयों में महात्मा गांधी के जीवन और विचारों से संबंधित साहित्य उपलब्ध करवाया जाएगा। यह निर्णय समिति की एक बैठक में लिया गया जिसकी अध्यक्षता जिला संयोजक उम्मेद सिंह तंवर ने की। समिति के युवा समन्वयक दिलिपसिंह सोलंकी बरमसर ने बताया कि जैसलमेर जिले की समस्त ग्राम पंचायतों, जैसलमेर तथा पोकरण शहर के सभी वार्डों में गांधी प्रेरक का चयन किया जाएगा। ये गांधी प्रेरक महात्मा गांधी के एकादश व्रत और संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके लिए सभी गांधी प्रेरकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। गांधी प्रेरक सद्भावना, सत्य, अहिंसा, सहिष्णुता, सर्व धर्म समभाव, प्रेम और सौहार्द का वातावरण निर्मित करने का काम करेंगे।


