जयपुर के ज्वेलर्स से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, गैंगस्टर रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से आया वॉयस मैसेज

जयपुर के ज्वेलर्स से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, गैंगस्टर रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से आया वॉयस मैसेज

Jaipur Crime News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में व्यापारियों को धमकी देकर वसूली करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक मामला शहर के झोटवाड़ा इलाके से सामने आया है। जहां एक प्रतिष्ठित आभूषण कारोबारी को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण के नाम पर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए धमकाया गया है।

बता दें कि इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे खौफ में है। पीड़ित ज्वेलर्स द्वारा झोटवाड़ा थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 6 मई को उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से वॉयस मैसेज प्राप्त हुआ।

मैसेज भेजने वाले ने अपना परिचय गोदारा गैंग के सक्रिय सदस्य वीरेंद्र चारण के रूप में दिया। मैसेज में स्पष्ट रूप से 5 करोड़ रुपए की मांग की गई और चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते पैसे नहीं मिले, तो कारोबारी और उसके परिवार को जान से मार दिया जाएगा।

अलर्ट मोड पर पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस की साइबर टीम उस मोबाइल नंबर और वॉयस मैसेज की तकनीकी जांच कर रही है।

जिसके जरिए धमकी भेजी गई थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कॉल वाकई गैंग की ओर से आई है या किसी स्थानीय अपराधी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर वसूली की साजिश रची है।

जयपुर में बढ़ता रंगदारी का मामला

जयपुर में पिछले कुछ महीनों में गैंगस्टरों के नाम पर धमकियां मिलने की घटनाओं में भारी इजाफा हुआ है। अपराधी पुलिस से बचने के लिए विदेशी नंबरों और इंटरनेट कॉलिंग का सहारा ले रहे हैं। गैंगस्टर सोशल मीडिया के जरिए अपना प्रभाव दिखाकर कारोबारियों में भय पैदा कर रहे हैं। पुलिस अब इन सभी मामलों के आपसी कड़ियों को जोड़कर वसूली के इस बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने की योजना बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *