जबलपुर क्रूज हादसे में दो और घरों के बुझे चिराग, 11 हुई मृतकों की संख्या

जबलपुर क्रूज हादसे में दो और घरों के बुझे चिराग, 11 हुई मृतकों की संख्या

Jabalpur Cruise Tragedy: मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी बांध में गुरुवार शाम को क्रूज डूबने के भयावह हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11 पहुंच गया है। शनिवार को डैम से दो और बच्चों के शव मिले है। शनिवार को जिन दो बच्चों के शव मिले हैं उनकी पहचान विकास सोनी उम्र 6 साल पिता कैलाश सोनी निवासी कोतवाली थाना जबलपुर और तमिल उम्र 5 साल पिता कामराज के तौर पर हुई है। अब भी 2 लोग लापता हैं जिनकी रेस्क्यू टीम डैम में लगातार तलाश कर रही है। जो 2 लोग अब भी लापता हैं उनमें एक बच्चा शामिल है। कामराज की मां काकुझाली की भी हादसे में मौत हो चुकी है और पिता कामराज अभी भी लापता हैं।

करीब 40 घंटे बाद सामने आया क्रूज का पायलट

इससे पहले शनिवार को ही क्रूज पायलट महेश पटेल ने सरेंडर किया और अपने बयान दिए। महेश पटेल हादसे के बाद से ही लापता था। पायलट महेश पटेल ने कहा कि जब क्रूज डैम में निकला तब कोई तूफान नहीं था, बस थोड़ी हवा चल रही थी। जब हमारे लौटने का समय हुआ तो अचानक से तेज हवाएं चलने लगीं। मुझे मौसम के बारे में जानकारी नहीं थी। क्रूज किसी भी चीज से नहीं टकराया, मैं जो कर सकता था वो सब कुछ करने की कोशिश की लेकिन हादसा नहीं टाल पाया।

डांस करना था इसलिए नहीं पहनी लाइफ जैकेट- महेश पटेल

क्रूज के पायलट महेश पटेल ने लाइफ जैकेट से जुड़े आरोपों को नकारते हुए कहा कि ‘सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट दी गईं थीं, लेकिन कुछ डांस कर रहे थे जिसके कारण उन्होंने जैकेट नहीं पहनी थी। अचानक, हवाएं और भी तेज हो गईं। हमने क्रूज को किनारे पर एंकर करने के बारे में सोचा लेकिन हवा के कारण ऐसा नहीं हो सका। लहरें उठने के कारण क्रूज में पानी भर गया और 50-60 मीटर दूरी पर क्रूज पलट गया। महेश पटेल ने कहा कि भयावह हादसा उनकी आंखों के सामने अभी भी घूम रहा है। वो तीन से कुछ खा नहीं पाए हैं और न ही सो पा रहे हैं। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि किसी को इसका सामना न करना पड़े।

गुरुवार शाम को हुआ भयावह हादसा
बता दें कि गुरुवार शाम को बरगी डैम में पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी-तूफान के बीच डैम में डूब गया था। इस भयावह हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 2 अब भी लापता हैं। 28 लोगों की किस्मत अच्छी थी जो उनकी जान बच गई। इस भयावह हादसे के बाद सीएम मोहन यादव ने हादसे की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं साथ ही सख्त एक्शन लेते हुए क्रूज पायलट महेश पटेल, क्रूज हेल्पर छोटेलाल गोंड एवं टिकट काउंटर प्रभारी (एफओए) बृजेंद्र की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी थी। होटल मैकल रिसॉर्ट और बोट क्लब बरगी के मैनेजर सुनील मरावी को काम में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया था और रीजनल मैनेजर संजय मल्होत्रा को मुख्यालय अटैच कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *