एमपी में स्टेज पर दूल्हे का चेहरा देख ‘ठनका’ दुल्हन का माथा, शादी से किया इंकार

एमपी में स्टेज पर दूल्हे का चेहरा देख ‘ठनका’ दुल्हन का माथा, शादी से किया इंकार

Bride refuses to marry: मध्यप्रदेश के शहडोल में एक दुल्हन ने शादी के स्टेज पर दूल्हे की शक्ल देखने के बाद शादी करने से इंकार कर दिया। दूल्हे का चेहरा देखने के बाद दुल्हन स्टेज से उतर गई और उसने साफ-साफ कहा कि उसने जिसे देखा था वो ये दूल्हा नहीं है इसलिए वो शादी नहीं करेगी। दुल्हन के शादी से इंकार करने पर शादी समारोह स्थल पर विवाद की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह समझाईश दी। पुलिस की समझाईश के बाद दूल्हा बिना शादी किए ही बारात लेकर वापस लौट गया।

धूमधाम से बारात लेकर आया दूल्हा

ब्यौहारी थाना क्षेत्र का ये मामला है जहां बुधवार की देर शाम गोहपारू से गाजे बाजे के साथ बारात ब्यौहारी पहुंची थी। बारातियों का स्वागत सत्कार हुआ और पारंपरिक तरीके से विवाह की रस्में शुरु हुईं। खुशियों से भरे इस माहौल में दोनों ही पक्ष में अलग ही उत्साह दिख रहा था। बारात के स्वागत सहित अन्य रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और कुछ देर बाद दुल्हन पक्ष के लोग भी दुल्हन को जयमाला के लिए लेकर आए।

shahdol news

स्टेज पर दूल्हे को देख हैरान रह गई दुल्हन

दूल्हे ने दुल्हन को जयमाला पहनाई, अब बारी दुल्हन की थी, लेकिन जैसे ही दुल्हन ने जयमाला पहनाने के लिए अपना सिर उठाया तो वो दूल्हे की शक्ल देखकर हैरान रह गई। दुल्हन कुछ देर तक दूल्हे को गौर से देखती रही और बिना जयमाला पहनाए ही मंच से उतर गई। दुल्हन के मंच से उतरते ही वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। माहौल काफी गर्म हो गया और दूल्हा-दुल्हन दोनों ही पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनने लगी।

जिसे मैंने देखा था वो ये दूल्हा नहीं- दुल्हन

मंच से उतरने के बाद जब परिजनों ने दुल्हन से कारण पूछा, तो उसने साफ कहा कि जिसे मैंने देखा था, यह वह दूल्हा नहीं है। दुल्हन के इस बयान से दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई। लड़की के परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और थाने बुलाया। वहां दोनों पक्षों ने लिखित में सहमति दी कि दुल्हन शादी नहीं करना चाहती और वे आपसी सहमति से समारोह समाप्त कर रहे हैं। इसके बाद बारात को खाली हाथ लौटना पड़ा। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *