सहारनपुर में एग्रीमेंट के बाद दूसरे को किया बैनामा:विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर हुई FIR

सहारनपुर में एग्रीमेंट के बाद दूसरे को किया बैनामा:विरोध करने पर मारपीट और धमकी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर हुई FIR

सहारनपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के बादशाही बाग निवासी एक व्यक्ति ने जमीन खरीद के एग्रीमेंट के बावजूद बैनामा दूसरे के नाम कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस में शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के बादशाही बाग निवासी महबूब ने एसीजेएम प्रथम की कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि आरोपी अन्नू, कल्याण, अश्वनी, फूल सिंह, अतर सिंह, उस्मान और उदय सिंह से उसने जमीन खरीदनी थी। करीब डेढ़ साल पहले आरोपी अश्वनी और कल्याण उसके पास आए और बताया कि ग्राम रूपपुर मायापुर और अकबरपुर में जमीन अन्नू के नाम है, जिसे वे बेचना चाहते हैं। इस पर 25 जनवरी 2025 को प्रार्थी ने अपनी पत्नी मोमीना के नाम एग्रीमेंट कर लिया और बैनामे के लिए तीन साल की अवधि तय हुई। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी की तबीयत खराब रहने लगी और बाद में उसकी मृत्यु हो गई। जब उसने बैनामा कराने को कहा तो आरोपी टालमटोल करते रहे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी की नीयत से साजिश कर 8 जनवरी 2026 को जमीन का बैनामा फूल सिंह और अतर सिंह के नाम कर दिया, जबकि उस पर पहले से एग्रीमेंट था। इस बैनामे में उस्मान और उदय सिंह को गवाह बताया गया है। महबूब का आरोप है कि जब उसने इस बारे में पूछताछ की तो आरोपी भड़क गए और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। 21 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:15 बजे विपक्षी उसके घर में घुस आए, गाली-गलौज की और उसके व उसके बेटे के साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, उसने बेहट तहसील में दाखिल-खारिज की प्रक्रिया का विरोध किया तो 9 अप्रैल 2026 को तहसील के बाहर उसे रोककर गाली दी गई और धमकी दी गई कि यदि कोई कार्रवाई की तो उसे और उसके बेटों का अपहरण कर हत्या कर दी जाएगी। महबूब ने बताया कि उसने थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 16 अप्रैल 2026 को एसएसपी को रजिस्ट्री डाक से प्रार्थना पत्र भेजा, फिर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। पीड़ित को कोर्ट में न्याय की गुहार लगानी पड़ी। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *