देवरिया में तेज रफ्तार का कहर, मौके पर ही तीन युवकों की मौत… शादी की खुशियों में पसरा मातम

देवरिया में तेज रफ्तार का कहर, मौके पर ही तीन युवकों की मौत… शादी की खुशियों में पसरा मातम

बुधवार को देवरिया में तेज रफ्तार के कहर ने तीन युवकों की जान ले ली, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। ये सभी बारात में शामिल होने स्विफ्ट डिजायर कार से बिहार से देवरिया आ रहे थे, तभी हाजी मार्केट मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई, यह टक्कर इतना भीषण था कि कार बुरी तरह पिचक गई और अंदर बैठे लोग उसमें फंस गए। दुर्घटना के बाद हुई तेज आवाज सुन सभी लोग भागे भागे मौके पर पहुंचे और घायलों की चीख पुकार सुन पुलिस को सूचना देकर खुद घायलों को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे।

हादसा भयानक, कटर से कार को काटकर निकाले गए मृतक

सूचना मिलते ही पुलिस ने कटर मशीन से कार की बॉडी को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा भेजा गया, जहां ड्राइवर पिंटू सिंह निवासी श्रीपुर कॉलोनी थाना श्रीपुर, जिला गोपालगंज, करण कुशवाहा निवासी रूपही थाना भीटहां, पश्चिमी चंपारण (बिहार) और अमित कुशवाहा निवासी कुड़वा दिलीपनगर थाना कसया, जिला कुशीनगर की मौत हो गई। वहीं गोविंद निवासी सिसई थाना कसया और सोनू निवासी कुशीनगर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दो गंभीर रूप से घायल, एक को किया गया गोरखपुर रेफर

दोनों को इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां गोविंद की हालत गंभीर होने पर उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार की स्पीड काफी तेज थी, पहले उससे एक बाइक सवार बाल बाल बचा। इसके बाद ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और विस्फोटक आवाज के साथ कार सीधे पेड़ से जा टकराई। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के घर मनहूस खबर पहुंचते ही घरों में कोहराम मच गया।

वहीं बुधवार शाम से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया है। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जहां शादी विवाह समेत जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। आप को बता दें की पड़री मल्ल से महुआनी मार्ग पर तेज हवा के कारण एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर तत्परता दिखाते हुए पेड़ को कटवाकर मार्ग को सुचारू रूप से चालू कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *