Heat Stroke Symptoms and Prevention : भारत में लू लगने से इस साल की संभवत: पहली मौत की खबर केरल से आई है। कन्नूर जिले के चक्कराक्कल के रहने वाले 37 वर्षीय सनल कुमार की गुरुवार को उनकी मृत्यु हीट स्ट्रोक (लू लगने) के कारण हुई। साथ ही इस वर्ष राज्य में लू से मौत का भी यह पहला संदिग्ध मामला बताया जा रहा है।
आइए, मौसम विभाग (IMD) और स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के आधार पर लू लगने के लक्षण व बचाव के बारे में जानते हैं।
खतरनाक संकेत: शरीर का तापमान
केरल के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मृत्यु का कारण हीट स्ट्रोक बताया गया है। एक अधिकारी ने कहा, “उनके शरीर का तापमान 107 डिग्री फारेनहाइट था, जो अत्यधिक असामान्य है। सामान्य तापमान 98 डिग्री होता है, और बुखार की स्थिति में भी यह 102 या 103 डिग्री तक ही जाता है। वे सीधे धूप के संपर्क में थे। एमआरआई रिपोर्ट सहित अन्य सभी कारक भी प्रथम दृष्टया इसकी पुष्टि करते हैं कि उनकी मृत्यु हीट स्ट्रोक से हुई है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि करने से पहले विभाग डेथ ऑडिट (मृत्यु की समीक्षा) करेगा।”

नोट- लू लगने पर शरीर का तापमान अचानक से बढ़ता है। इस तरह का तापमान बुखार में भी नहीं बढ़ता। ये सबसे खतरनाक लक्षण है। इसलिए, लू लगने पर इसे अनदेखा ना करें।
Loo Lagne Ke Lakshan | लू लगने के लक्षण क्या-क्या हैं?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भीषण गर्मी और लू स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। समय रहते लक्षणों की पहचान और बचाव के तरीकों को अपनाकर हीट स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थितियों से बचा जा सकता है।
| श्रेणी | विवरण और महत्वपूर्ण जानकारी |
|---|---|
| खतरनाक लक्षण | • शरीर का तापमान बहुत अधिक होना (जैसे 107°F तक पहुंचना)। • गंभीर निर्जलीकरण (Dehydration) और चक्कर आना। • मांसपेशियों में खिंचाव (Heat cramps) और तेज थकावट। • त्वचा का लाल, गर्म और सूखा होना। • मतली, उल्टी या बेहोशी छाना। |
| बचाव के उपाय | • हाइड्रेटेड रहें: पर्याप्त पानी पिएं और तरल पदार्थों का सेवन करें। नारियल पानी आदि। • धूप से बचें: दोपहर 12 से 4 बजे के बीच सीधी धूप में निकलने से बचें। • पहनावा: हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। • विशेष सावधानी: बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों का खास ख्याल रखें। |
| आपातकालीन स्थिति | • यदि शरीर का तापमान सामान्य (98°F) से बहुत ऊपर चला जाए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। |
राजस्थान सहित इन राज्यों में लू का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 7 दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों सहित कई क्षेत्रों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। यहां पर तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी विभिन्न शोधों और वैज्ञानिक अध्ययनों पर आधारित है, जिसका उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाना और शैक्षिक जानकारी प्रदान करना है। इसे किसी बीमारी के उपचार या डॉक्टरी सलाह के रूप में न लें। अपनी जीवनशैली या आहार में कोई भी बदलाव करने से पहले किसी योग्य चिकित्सक या संबंधित विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।


