गौ सेवा सम्मान अभियान के तहत सोमवार को कुचामन शहर में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर शहर सहित ग्रामीण इलाकों से आए सैकड़ों गौ भक्तों ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि कार्यालय परिसर में ही गौ भक्तों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर भजन-कीर्तन किए।
खाटू श्याम गौशाला से शुरू हुआ कारवां अभियान की शुरुआत स्टेशन रोड स्थित खाटू श्याम गौशाला मंदिर से हुई। यहां सुबह से ही गौ भक्तों का जुटना शुरू हो गया था। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, संत-महात्मा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए लोग गौ माता के सम्मान में नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। यह जुलूस लायन सर्किल, अंबेडकर सर्किल और डीडवाना रोड होते हुए बस स्टैंड से उपखंड कार्यालय पहुंचा। 4 माह से चल रहा था हस्ताक्षर अभियान गौ माता की सुरक्षा और सम्मान के लिए पिछले चार महीनों से देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को इन्हीं हस्ताक्षरित प्रतियों को ज्ञापन के साथ उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा को सौंपा गया। यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम दिया गया है।
इन गांवों से पहुंचे लोग इस शक्ति प्रदर्शन में शहर के साथ-साथ खारिया, पांचवा, कुकनवाली, आसपुरा और जिलया सहित आसपास के दर्जनों गांवों से ग्रामीण पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पूरे मार्ग में जागरूकता का संदेश दिया गया और गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की पुरजोर मांग की गई।


