ब्यावर में पड़ रही प्रचंड गर्मी के बीच राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर एवं ब्यावर जिला कांग्रेस सेवादल के जिला प्रवक्ता ऋषि लांबा ने जरूरतमंदों और पक्षियों के लिए सराहनीय पहल की है। लांबा ने अपनी टीम के साथ झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले निर्धन बच्चों और दिव्यांगजनों तक पहुंचकर उन्हें ठंडा शरबत पिलाया। भीषण गर्मी में प्यास से बेहाल बच्चों के चेहरों पर शरबत पीते ही मुस्कान आ गई। इस अवसर पर ऋषि लांबा ने कहा कि ईश्वर की सच्ची पूजा वही है जो किसी मजबूर और असहाय के काम आए। उन्होंने बताया कि संपन्न लोग गर्मी से बचने की व्यवस्था कर लेते हैं, लेकिन असली संघर्ष उन बच्चों और दिव्यांगों का होता है जिनके पास संसाधन नहीं होते।
मानव सेवा के साथ-साथ लांबा ने बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए भी कदम उठाया। उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर ‘परिंडे’ लगाकर उनमें नियमित पानी भरने का संकल्प लिया। स्थानीय नागरिकों ने ऋषि लांबा के इस सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।


