फतेहाबाद में पकड़ा गया पंजाब निवासी नशा तस्कर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से इलाज के दौरान पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इस तस्कर को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चेकअप के लिए लाया गया था। इसी बीच मौका पाकर आरोपी रविवार रात को फरार हो गया। अब पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुट गई है। आरोपी के फरार होने की पुष्टि करते हुए रतिया सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि पुलिस फरार हुए आरोपी की तलाश कर रही है। आरोपी को 7 अप्रैल को रतिया क्षेत्र के गांव चिम्मो स्थित हेड से हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। महिला के साथ रतिया सदर पुलिस ने पकड़ा था जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस ने 7 अप्रैल को पंजाब के बरनाला निवासी काला सिंह को गांव नन्हेड़ी निवासी महिला बिंद्र कौर के साथ चिम्मो हेड के पास पकड़ा था। उनके पास से 83.27 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। इन दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया था। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में हिसार जेल भेज दिया गया था। रतिया-टोहाना क्षेत्र में नशे की सप्लाई करता था आरोपी आरोपी काला सिंह और उसकी महिला साथी बिंद्र कौर मिलकर फतेहाबाद जिले में रतिया और टोहाना क्षेत्र में नशे की सप्लाई करते थे। दोनों बाइक पर सवार हाेकर हेरोइन की सप्लाई के काम में लगे रहते थे। फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क साधते थे।


