West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग से पहले सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Union Home Minister Amit Shah) ने रविवार को पश्चिम बंगाल के बारासात में चुनावी रैली को संबोधित किया। चुनावी रैली में अमित शाह (Amit Shah) ने बंगाल की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) पर जमकर हमला बोला।
अमित शाह ने ममता पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- पश्चिम बंगाल के हर क्षेत्र में ममता सरकार पूरी तरह विफल रही है। लोगों के अंदर ममता सरकार के खिलाफ भयंकर गुस्सा है। जनता को आशा है कि सारी अर्थव्यवस्थाएं और समस्याएं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ही ठीक कर सकती है।
अमित शाह ने पहले चरण में 152 सीटों में से 110 से अधिक पर बीजेपी की जीत का दावा किया। इसके अलावा अमित शाह ने दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर कहा कि अभी कुछ कहा नहीं जा सकता, लेकिन हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रहे हैं। अमित शाह ने रैली में उमड़ी भारी भीड़ की ओर इशारा करते हुए कहा- यह देखकर साफ पता चलता है कि यह ममता का गढ़ है या नहीं।
बीजेपी सरकार बनने पर पुलिस गुंडो से निपटेगी
अमित शाह ने बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में हिंसा की आशंका पर कहा- मैं नहीं मानता कि गुंडे दीदी पर भरोसा करके रिस्क लेंगे। दीदी जा रही हैं और जाने वाले समय में कोई साथ नहीं देता है। अमित शाह ने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद गुंडों से पुलिस निपटेगी।
अमित शाह ने चुनावी रैली में TMC सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, अपराध और विकास की कमी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पश्चिम बंगाल में विकास की नई लहर आएगी, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
बंगाल चुनाव के पहले चरण में जबरदस्त मतदान
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 90 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। आजादी के बाद यह किसी चरण में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। भाजपा इसे राज्य में बड़े बदलाव का संकेत बता रही है, जबकि TMC एक बार फिर मजबूती से सत्ता में वापसी का दावा कर रही है। बता दें कि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होग। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।


