डभोई-छोटा उदेपुर सेक्शन पर ब्रिज काे किया सुदृढ़

डभोई-छोटा उदेपुर सेक्शन पर ब्रिज काे किया सुदृढ़

संरचनात्मक मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि

वडोदरा. पश्चिम रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा डभोई-छोटा उदेपुर सेक्शन पर स्थित ब्रिज संख्या 130 के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। इस कार्य से ब्रिज की संरचनात्मक मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
पश्चिम रेलवे के वडोदरा रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना के अनुसार यह ब्रिज नदी तल में गंभीर कटाव के कारण प्रभावित हुआ था, जिससे पाइल कैप के नीचे पाइल्स उजागर हो गए थे, जो संरचनात्मक सुरक्षा के लिए चुनौतीपूर्ण स्थिति थी।
प्रमुख सुदृढ़ीकरण कार्य के तहत उजागर पाइल्स की सफाई व ग्राउटिंग की गई तथा 1.4 मीटर लाइनर्स की स्थापना गई। प्रत्येक पियर पर 8 सहित कुल 80 अतिरिक्त पाइल्स का निर्माण किया गया। पियर जैकेटिंग तथा नई पाइल्स का मौजूदा नींव से एकीकरण किया गया।
इस कार्य को अत्यंत सावधानी, उच्च गुणवत्ता मानकों एवं सुरक्षा उपायों के साथ पूरा किया गया। पाइल्स की सफाई, निरीक्षण, ग्राउटिंग तथा इंटीग्रिटी परीक्षण जैसी प्रक्रियाओं को सुनिश्चित कर संरचना की मजबूती को प्रमाणित किया गया।
इस सुदृढ़ीकरण कार्य से ब्रिज की भार वहन क्षमता में वृद्धि हुई तथा इस सेक्शन में ट्रेन संचालन और अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *