Mau Accident: भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो–ट्रेलर की टक्कर में 5 लोगों की मौत, शादी से लौट रहा था परिवार

Mau Accident: भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो–ट्रेलर की टक्कर में 5 लोगों की मौत, शादी से लौट रहा था परिवार

Mau News: मऊ जनपद के थाना दोहरीघाट क्षेत्र में बरसातपुर-अहिरानी हाईवे पर शुक्रवार (25 अप्रैल 2026) की देर रात करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

स्कार्पियो अनियंत्रित होकर दूसरे लेन में गई

जानकारी के अनुसार, झारखंड नंबर (JH 21G3927) की एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर अपनी लेन से निकलकर दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रेलर (BR 28GB2171) से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में वाहन में मौजूद एक पालतू कुत्ते की भी जान चली गई।

सूचना मिलते ही थाना दोहरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मऊ भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पति पत्नी और बेटे की मौत

मृतकों की पहचान विनय श्रीवास्तव (53), उनके पुत्र कृतार्थ श्रीवास्तव (27), पत्नी अर्चना श्रीवास्तव (48) निवासी रानीडीहा, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। वहीं, अन्य दो मृतकों में रविंद्र यादव (20) और पुरुषोत्तम कुमार (28) शामिल हैं, जो बिहार के गया जिले के मटीहानी गांव के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि पूरा परिवार रांची में अपनी बेटी की शादी संपन्न कराकर वापस घर लौट रहा था। खुशियों से भरी यात्रा अचानक मातम में बदल गई। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *