JEE एडवांस्ड क्रैक, डांस में अव्वल और फिर यूपीएससी की तैयारी, होनहार थी IRS की बेटी, पिता ने कहा- अब सब कुछ खत्म

JEE एडवांस्ड क्रैक, डांस में अव्वल और फिर यूपीएससी की तैयारी, होनहार थी IRS की बेटी, पिता ने कहा- अब सब कुछ खत्म

South Delhi Murder Case: दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स की रहने वाली 22 वर्षीय यह छात्रा बचपन से ही बुद्धिमान थी। आरके पुरम स्थित डीपीएस से 12वीं करने के बाद, उसने अपनी मेहनत के दम पर जेईई एडवांस्ड जैसी कठिन परीक्षा पास की और आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया। प्रतिभा केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं थी, वह एक बेहतरीन डांसर भी थी। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ-साथ वह नृत्य का अभ्यास भी जारी रखती थी और कई प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीतकर अपनी कला का लोहा मनवाया था।

पिता की तरह बड़ी अफसर बनना चाहती थी

रिश्तेदारों के मुताबिक, पिता के जैसे ही बड़ी अफसर बनने का सपना देखा करती थी, इसलिए इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी करना शुरू कर दिया था। पिछले एक साल से तैयारी में जुटी थी। यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को होनी है। इसलिए पूरे दिन कमरे बंद होकर पढ़ाई ही करती रहती थी। पढ़ाई करने के लिए तीसरे तल के ऊपर अलग से उसके लिए स्टडी रूम बना था।

वारदात के समय घर पर अकेली थी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि मृतका यूपीएससी की तैयारी कर रही थी। वारदात के समय वो घर पर अकेली थी। जब उसके घर वाले जिम से वापस आए तो वो अपने कमरे में मरी हुई पाई गई। पुलिस ने कहा कि मृतका के साथ यौन उत्पीड़न हुआ है या नहीं इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने दो अन्य को हिरासत में भी लिया है। इसमें से एक इलाके में कार साफ करता है तो दूसरा पड़ोस में नौकर है।

घर में आने वाले सामान के पैसे ज्यादा बताता था

शुरुआती छानबीन में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पार्किंग और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज में घरेलू सहायक राकेश मीणा दिखाई दिया। ऐसे में पुलिस को उस पर ही शक हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपित घर में खरीदकर आने वाले सामान के दामों में हेराफेरी करता था। परिवार को जब उसकी इस चोरी का पता चला तो उसे काम से हटा दिया गया। साथ ही, वह जिसके जरिये काम पर रखा था, उससे कहकर निकलवा दिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपित ने बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया है। आरोपित अच्छी तरह से जानता था कि पति-पत्नी सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच जिम के लिए निकलते थे।

द्वारका के होटल से आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज

दिल्ली पुलिस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे सघन पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़े हर सुराग को जुटाया जा सके। पुलिस ने इस मामले में हत्या, दुष्कर्म और लूट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस घटना के तार दिल्ली से लेकर राजस्थान के अलवर तक जुड़े होने के कारण जांच का दायरा कई राज्यों तक फैल गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाने में लगी है ताकि मामले को कोर्ट में मजबूती से पेश किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *