Rajasthan Murder: तलवार से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार, धड़ से अलग हो गया सिर, 30 साल पुरानी दुश्मनी में खूनी खेल

Rajasthan Murder: तलवार से बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ वार, धड़ से अलग हो गया सिर, 30 साल पुरानी दुश्मनी में खूनी खेल

जोधपुर। चामू थाना क्षेत्र के नाथड़ाऊ गांव में 30 साल पुरानी रंजिश ने बुधवार शाम एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। आपसी दुश्मनी के चलते एक बुजुर्ग की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

यह वीडियो भी देखें

क्षेत्र में दहशत फैली

जानकारी के अनुसार, मृतक मगसिंह राजपुरोहित (पुत्र मंगलसिंह) शाम करीब 6 बजे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना भयावह था कि मगसिंह का सिर धड़ से अलग कर दिया गया। इस नृशंस वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई।

तीन दशक से चली आ रही रंजिश

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह घटना दो परिवारों के बीच करीब तीन दशक से चली आ रही रंजिश का परिणाम है। सूत्रों के अनुसार, इस हत्या को पुराने विवाद और पूर्व में हुई एक हत्या के बदले के रूप में अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में फिलहाल जमीनी विवाद चल रहा था।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे

वहीं इस घटना से समाज में आक्रोश और शोक दोनों का माहौल है। मामला एक समाज से जुड़ा होने के कारण सामाजिक तनाव भी बढ़ गया है। ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की भावना साफ नजर आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही चामू थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। इस जघन्य हत्या ने एक बार फिर पुरानी रंजिशों के खतरनाक परिणाम को उजागर कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *