TCS Nashik Case: शादी और निजी जिंदगी पर अश्लील बातें, शिकायक पर एचआर बोला- ‘तुम्हें स्पॉटलाइट में आने की क्या जरूरत है? इसे छोड़ दो’

TCS Nashik Case: शादी और निजी जिंदगी पर अश्लील बातें, शिकायक पर एचआर बोला- ‘तुम्हें स्पॉटलाइट में आने की क्या जरूरत है? इसे छोड़ दो’

TCS Nashik Case: नासिक के TCS ऑफिस में एक महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाली इस महिला ने अपने सीनियर रजा मेमन पर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि 3 साल पहले जब उसने काम शुरू किया था, तब एक दिन रजा ने ट्रेनिंग रूम में उसे अकेला देखकर नजदीक आने की कोशिश की थी। महिला के मुताबिक, रजा उसे धमकाता था यहां तक की शादी और निजी जिंदगी को लेकर भी अश्लील बातें बोलता रहता था। अक्सर उसका पीछा भी करता। कई बार उसने महिला को गलत तरीके से छूने की कोशिश भी की। जब महिला ने इसकी शिकायत मैनेजर से की, तो उसे मदद मिलने के बजाय सिर्फ यह कह दिया गया कि ‘सावधान रहो और अकेली मत रहा करो’।

टीम लीडर ने भी ध्यान नहीं दिया

टीम लीडर ने भी मामले को हल्के में लेते हुए ध्यान नहीं दिया और सबके साथ रहने को कह दिया। जब रजा मेमन को शिकायत की जानकारी मिली, तो उसने बदला लेने के लिए महिला के खिलाफ ऑफिस में झूठी अफवाहें फैलानी शुरू कर दीं। पीड़ित महिला का कहना है कि उसने उसके चरित्र पर सवाल उठाए और एक पुरुष सहकर्मी के साथ उसका नाम जोड़कर गलत बातें फैलाईं। साथ ही उसकी निजी जिंदगी और शादी को लेकर भी अश्लील टिप्पणियां की गईं। जब महिला ने इस मामले की शिकायत एचआर हेड अश्विनी चैनानी से की, तो उन्होंने कहा, ‘तुम्हें स्पॉटलाइट में आने की क्या जरूरत है? इसे छोड़ दो।’

मानसिक दबाव और परेशान करने लगे

जब महिला ने आरोपी रजा से बात करना बंद कर दिया, तो रजा ने अपने साथियों दानिश और तौसीफ के साथ मिलकर उसे और ज्यादा तंग करना शुरू कर दिया। उन्होंने ऑफिस के सिस्टम के साथ छेड़छाड़ की और महिला की ‘कॉल फ्रीक्वेंसी’ बढ़ा दी, ताकि उस पर काम का बोझ बहुत ज्यादा बढ़ जाए। यह सब उसे मानसिक रूप से तोड़ने के लिए किया गया। इस पूरे मामले में अब तक HR हेड अश्विनी चैनानी समेत कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस की जांच और कंपनी का पक्ष

नासिक पुलिस की SIT फिलहाल ऐसे 9 मामलों की जांच कर रही है, जिनमें महिला कर्मचारियों ने मानसिक और यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। इस बीच, कंपनी का दावा है कि उनके इंटरनल सिस्टम में ऐसी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। कंपनी ने यह भी कहा कि वे यौन शोषण जैसे मामलों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते हैं। वहीं दूसरी तरफ, आरोपी रजा मेमन के परिवार का कहना है कि ये सभी आरोप झूठे हैं और रजा को ऑफिस की आपसी राजनीति और कंपटीशन की वजह से फंसाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *