मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर मंगलवार दोपहर एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। रेलकर्मी द्वारा दिए गए गलत सिग्नल के चलते बदलापुर जाने वाली लोकल ट्रेन उस प्लेटफॉर्म की ओर चली गई, जहां पहले से ही एक अन्य लोकल ट्रेन खड़ी थी। हालांकि मोटरमैन ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन प्लेटफॉर्म से करीब 130 मीटर पहले ही रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस गंभीर चूक के बाद रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्टेशन मास्टर को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
कैसे होते-होते टला हादसा?
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर हुई, जिसके बाद मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर लोकल सेवाएं प्रभावित हो गईं। कई ट्रेनों के संचालन में देरी होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि बदलापुर जाने वाली लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 के बजाय गलती से प्लेटफॉर्म नंबर 5 की ओर सिग्नल दे दिया गया। उसी समय प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर खोपोली जाने वाली एक अन्य लोकल ट्रेन पहले से खड़ी थी।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन ‘होम सिग्नल’ पार कर चुकी थी, जो प्लेटफॉर्म से लगभग 270 मीटर पहले होता है। इसके बाद ‘इंटरनल होम सिग्नल’ लाल होने के कारण मोटरमैन ने तुरंत ट्रेन रोक दी।
रेलवे की सफाई- दोनों ट्रेनों में पर्याप्त दूरी थी
अधिकारियों के अनुसार, दोनों ट्रेनों के बीच पर्याप्त दूरी थी और नियमों के मुताबिक चालक ने लाल सिग्नल देखकर समय रहते ट्रेन रोक दी। इस दौरान बदलापुर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच करीब 130 मीटर का फासला था, जिससे टक्कर की संभावना नहीं थी।
स्टेशन मास्टर सस्पेंड, जांच शुरू
घटना के बाद जिम्मेदारी तय करते हुए सीएसएमटी के कंट्रोल केबिन में तैनात स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया। रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि ऐसी चूक दोबारा न हो। इस घटना के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन (Main Line) पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
घटना के बाद लोकल ट्रेन को पीछे लिया गया और सही प्लेटफॉर्म पर लाया गया। इस प्रक्रिया के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 5 से 8 तक की सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं। बाद में स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया। हालांकि, इस घटना का प्रभाव मुंबई रेल नेटवर्क पर लंबे समय तक बना रहा।
लगातार दूसरे दिन प्रभावित हुई लोकल सेवाएं
गौरतलब है कि मुंबई लोकल के यात्रियों के लिए यह लगातार दूसरा दिन था जब उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। इससे एक दिन पहले ही ठाणे के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था। उस घटना के कारण भी सुबह के पीक ऑवर में ट्रेनें आधे घंटे तक की देरी से चल रही थीं। दो दिनों में हुई इन दो घटनाओं ने रेलवे के परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


