पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का संघ प्रमुख मोहन भागवत के नाम से सोशल मीडिया पर आए फर्जी लेटर का मामला अब मध्यप्रदेश से जुड़ गया है। वसुंधरा राजे के फर्जी लेटर को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पर MP कांग्रेस आईटी सेल के 3 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी और कांग्रेस सांसद विवेक तनखा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के मामले में एक्स पर लिखा- कांग्रेस आईटी सेल के कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से पुलिस हिरासत में रखना निंदनीय है। यह कानून व लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा- असहमति की आवाज दबाने का यह तरीका स्वीकार्य नहीं है। यह सत्ता के दुरुपयोग को दर्शाता है। कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने फेसबुक पर लिखा- पिछले 27 घंटे से भोपाल साइबर पुलिस ने कार्यकर्ताओं को बिना किसी वाजिब कारण के हिरासत में रखा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और डीजीपी को टैग करते हुए कहा- एमपी पुलिस की इस कार्रवाई से उन्हें आश्चर्य और निराशा हुई है। फर्जी पत्र बताने के बाद हिरासत में लेने पर सवाल तन्खा ने आगे लिखा- वसुंधरा राजे की तथाकथित ट्वीट, जिसे लाखों लोगों ने देखा और साझा किया। 15-16 अप्रैल से सार्वजनिक रूप से प्रसारित हो रही थी। बाद में 18 अप्रैल को शाम लगभग 8 बजे इसे फर्जी पत्र बताया गया। ऐसे में इस आधार पर हिरासत में लेना उचित नहीं है। 18 अप्रैल को सामने आया था फर्जी लेटर पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के नाम से सोशल मीडिया पर 18 अप्रैल को फर्जी लेटर सामने आया था। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को संबोधित इस फर्जी लेटर में महिला आरक्षण बिल पर बीजेपी की लाइन से हटकर बातें लिखी थीं। वसुंधरा राजे ने तत्काल इस लेटर को फर्जी बताया था। राजे ने X पर लिखा था- सांच को आंच की जरूरत नहीं है। वायरल पत्र शुभचिंतकों की कारगुजारी मात्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान भागीदारी देने के प्रयास का मैं ही नहीं देश की हर महिला स्वागत कर रही है। राजे ने लिखा- ऐसे लोग चाहे जितना भ्रम फैलाएं, बाधाएं उत्पन्न करें, देश की नारी शक्ति न रुकी है, न रुकेगी। ये भी पढ़ें… वसुंधरा राजे बोलीं- वायरल लेटर शुभचिंतकों की कारगुजारी मात्र:सांच को आंच नहीं, महिला आरक्षण विरोधी चौथी बार भी विपक्ष में बैठेंगे पूर्व सीएम वसुंधरा राजे के नाम से सोशल मीडिया पर आए फर्जी लेटर से सियासी चर्चा तेज हो गई है। कई नेताओं ने इस लेटर को शेयर करते हुए बीजेपी पर सवाल उठाए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)


