मोहम्मद रिजवान ने डाले हथियार, बोले- मैं पाकिस्तान टीम में जगह पाने का हकदार नहीं

मोहम्मद रिजवान ने डाले हथियार, बोले- मैं पाकिस्तान टीम में जगह पाने का हकदार नहीं

Mohammad Rizwan: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान को बल्ले से लगातार खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) में नई टीम रावलपिंडी पिंडिज की कप्तानी कर रहे रिजवान हालात सुधारने में नाकाम रहे हैं और टीम को लगातार 7 हार का सामना करना पड़ा है। मौजूदा चैंपियन लाहौर कलंदर्स के खिलाफ हुई उनकी ताजा हार ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस हार के बाद उन्‍होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह पाकिस्‍तान टीम में जगह पाने के हकदार नहीं हैं। उनका यह बयान उनकी असफलता को दर्शाता है और इससे जाहिर होता है कि उन्‍होंने हथियार डाल दिए हैं।

रिजवान ने क्या कहा?

रावलपिंडी पिंडिज की 32 रन की हार के बाद मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिजवान ने अपनी फॉर्म का ईमानदारी से आकलन किया और यह भी साफ किया कि वह कभी भी अपनी आलोचना करने से पीछे नहीं हटे हैं। जब रिजवान से उनकी फॉर्म और पाकिस्तान टीम में उनकी जगह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जब मैं बिग बैश लीग में खेल रहा था और मेरा चयन हो गया था, तब मैंने साफ-साफ कहा था कि इस प्रदर्शन के आधार पर मैं पाकिस्तान टीम में जगह का हकदार नहीं हूं। मैं वही इंसान था, जो अभी आपके सामने बैठा है और आप ही लोग थे, जिन्होंने कहा था कि मैं छक्के नहीं मार सकता, अगर आपको याद हो।

हारिस रऊफ के साथ हुई बेबाक बातचीत का भी जिक्र किया

इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने हारिस रऊफ के साथ हुई एक बेबाक बातचीत का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा कि अभी भी मैं पूरी ईमानदारी से कह रहा हूं, हारिस रऊफ़ ठीक मेरे पीछे बैठे हैं और अगर हमारी वह बातचीत हुई थी, तो वह उसके गवाह होंगे। जब हम वहां रात का खाना खा रहे थे, तो मैंने हारिस से कहा था कि बिग बैश लीग में मेरे मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए मैं पाकिस्तान टीम में जगह का हकदार नहीं हूं। उस समय उन्होंने मुझसे जो शब्द कहे थे, मैं उन्हें दोहरा नहीं सकता, लेकिन वह जानते हैं।

पीएसएल 2026 में रिजवान का खराब प्रदर्शन जारी

बता दें कि रिजवान ने 100 से ज्‍यादा वनडे और T20I मैच खेले हैं और क्रमशः 2979 और 3414 रन बनाए हैं। पीएसएल 2026 में अपने बल्ले से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। रिजवान ने सात मैचों में सिर्फ 107 रन बनाए हैं, जिनका औसत 15.28 है और स्ट्राइक रेट 116.30 काफी खराब है। इससे पहले बिग बैश लीग 2025-26 में उन्होंने 10 मैचों में 18.70 के औसत से 187 रन बनाए थे।

PSL 2026 में सबसे कम स्ट्राइक रेट (कम से कम 60 गेंदें और 5 पारी)

– मुहम्मद वसीम 117.8
– राइली रूसो 117.97
– मोहम्मद रिजवान 118.07
– साद बेग 125.77
– उस्मान खान 126.66
– मार्नस लाबुशेन 126.87

टीम में कई बड़े चेहरे

रावलपिंडी पिंडिज की बात करें तो, यह टीम जिसमें रिजवान, बेन सियर्स, डेरिल मिचेल, मोहम्मद आमिर और अन्य जैसे बड़े नाम शामिल हैं, अपने पहले ही सीजन में संघर्ष कर रही है, क्योंकि उन्हें अभी तक एक भी जीत नहीं मिली है। लगातार सात हार झेलने के बाद अब इस टीम का मंगलवार 21 अप्रैल को कराची के नेशनल स्टेडियम में मुल्तान सुल्तान्स से सामना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *