एटा जिले के बागवाला थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में बाल विवाह की सूचना मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने विवाह रुकवाकर एक नाबालिग किशोरी का रेस्क्यू किया। किशोरी को एटा स्थित वन स्टॉप सेंटर में ठहराया गया है। चाइल्ड हेल्पलाइन को शनिवार देर शाम नाबालिग किशोरी का जबरन विवाह कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम बागवाला कोतवाली पहुंची और सुरक्षाकर्मियों को साथ लेकर गांव में जाकर बाल विवाह रुकवाया। टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने किशोरी से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद किशोरी को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया जाएगा। बाल विवाह रुकवाने वाली टीम में चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी ज्योति शर्मा, काउंसलर सपना तोमर, केश वर्कर नमन कुमार और सूर्यप्रताप, तथा उपनिरीक्षक योगेंद्र कुमार शामिल रहे।


