बलिया में युवक 33 हजार वोल्ट बिजली टावर पर चढ़ा:नाबालिग से बात कराने की जिद पर अड़ा, एक घंटे चला रेस्क्यू

बलिया में युवक 33 हजार वोल्ट बिजली टावर पर चढ़ा:नाबालिग से बात कराने की जिद पर अड़ा, एक घंटे चला रेस्क्यू

बलिया के बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के देवड़ीह गांव में रविवार सुबह एक युवक 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया। वह एक नाबालिग लड़की से बात कराने की जिद पर अड़ा था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा। युवक की पहचान देवड़ीह निवासी मिथुन राजभर के रूप में हुई है। सुबह करीब 9 बजे वह टावर पर चढ़ा और लोगों के बार-बार कहने पर भी नीचे उतरने से इनकार कर दिया। उसने चेतावनी दी कि जब तक उसकी बात नाबालिग लड़की से नहीं कराई जाएगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह और एसआई अनूप कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने युवक को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। टावर से उतरने के बाद पुलिस युवक को अपने साथ कोतवाली लेकर चली गई। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और इस संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *