जयपुर में 1 किलो नींबू की कीमत 200 रुपए से अधिक, गली-मोहल्लों में और महंगा, 15 दिन बाद मिल सकती है राहत

जयपुर में 1 किलो नींबू की कीमत 200 रुपए से अधिक, गली-मोहल्लों में और महंगा, 15 दिन बाद मिल सकती है राहत

Lemon Price Hike Jaipur: जयपुर: राजधानी की मंडियों में नींबू ने ऐसा भाव दिखाया है कि अब ठेले वाले भी नींबू को ‘सावधानी से छूने’ की सलाह दे रहे हैं। अब नींबू खुदरा बाजार में 200 से 250 रुपए प्रति किलोग्राम तक बिक रहा है।

जबकि थोक भाव भी 130 से 140 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। मुहाना मंडी में इन दिनों नींबू की आवक आधी रह गई है। जहां सामान्य दिनों में 10 से 15 गाड़ियां आती थीं, वहीं अब यह संख्या घटकर महज 5-6 गाड़ियों तक सिमट गई है।

एक गाड़ी में करीब 12 टन माल आता है। व्यापारियों के अनुसार, इस बार दक्षिण भारत में कम बारिश होने से उत्पादन प्रभावित हुआ है। फिलहाल, नींबू मुख्यतः बीजापुर (कर्नाटक) और गुंटूर (आंध्रप्रदेश) से सीमित मात्रा में ही आ रहा है।

इसलिए कड़वा हुआ नींबू

  • दक्षिण भारत में कम बारिश, उत्पादन प्रभावित
  • आवक आधीः 10-15 गाड़ियों से घटकर 5-6 गाड़ियां
  • गर्मी बढ़ने से मांग में उछाल

गली-मोहल्लों में और महंगा

मुहाना मंडी से निकलकर जब नींबू गली-मोहल्लों और शहर की छोटी सब्जी मंडियों तक पहुंचता है तो कीमत 250 रुपए किलो तक बढ़ जाती है। सांगानेरी गेट मंडी में सब्जी विक्रेता साजिद ने बताया कि नींबू 220 रुपए किलो बिक रहा है।

वहीं, लालकोठी सब्जी मंडी के व्यापारी दिनेश अग्रवाल ने बताया कि मंडी में नींबू 200 रुपए किलो तक बिक रहा है। कॉलोनियों में तो नींबू 250 रुपए किलो तक पहुंच गया है।

कब मिलेगी राहत?

15 दिन बाद राहत की उम्मीद है। नींबू के भावों में अभी तेजी है और यह अगले 10-15 दिनों तक रहेगी। इसके बाद महाराष्ट्र से नई आवक शुरू होने की संभावना है, जिससे कीमतों में नरमी आ जाएगी।
-योगेश तंवर, अध्यक्ष, जयपुर फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ

पुदीना भी महंगा, 30 से 60 रुपए तक बिक रहा

मंडियों में पुदीना भी 30 से लेकर 60 रुपए किलो तक बिक रहा है। सांगानेरी गेट मंडी में सब्जी विक्रेता ओमप्रकाश ने बताया कि मंडी में पोदीना 30-50 रुपए किलो तक बिक रहा है, जबकि कॉलोनियों में यह और महंगा है। पुदीना आसपास के गांवों से ही आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *