हरदा में 15 मेधावी छात्र सम्मानित:कलेक्टर ने कहा- किताबों को दोस्त बनाएं; टॉपर्स को मिलेगा किंडल ई-बुक रीडर

हरदा में 15 मेधावी छात्र सम्मानित:कलेक्टर ने कहा- किताबों को दोस्त बनाएं; टॉपर्स को मिलेगा किंडल ई-बुक रीडर

हरदा के कलेक्ट्रेट सभागृह में शनिवार को कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने 10वीं और 12वीं बोर्ड की राज्य व जिला मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले 15 विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस दौरान कलेक्टर ने टॉपर्स को किंडल ई-बुक रीडर देने और करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने की घोषणा की है। वर्तमान में शिक्षा विभाग द्वारा छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी पढ़ाई के लिए लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। समारोह में कलेक्टर जैन ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों से पूरी मेहनत के साथ अध्ययन करने और करियर के लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। कलेक्टर ने महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले छात्रों को बेहतर तार्किक क्षमता विकसित करने और विषयों को गहराई से समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में पूर्णता लाने के लिए ज्यादा से ज्यादा प्रश्न पूछने की क्षमता विकसित करना महत्वपूर्ण है। 10वीं पास विद्यार्थियों को दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि के विषय का चयन करने की सलाह दी गई। कलेक्टर ने सफलता के लिए वीडियो की बजाय किताबों को दोस्त बनाने पर जोर दिया, जिससे स्मरण शक्ति बढ़ेगी। माता-पिता के प्रति कृतज्ञ रहें, एडवांस कोडिंग और AI कोर्स से जुड़ें कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माता-पिता और शिक्षकों का त्याग और समर्पण होता है। इसलिए, अपनी सफलता के लिए हमेशा माता-पिता के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए। कलेक्टर ने घोषणा की कि प्रावीण्य सूची में अव्वल स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को किंडल ई-बुक रीडर भी प्रदान किए जाएंगे, जिससे उन्हें किताबें पढ़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित कर उन्हें मार्गदर्शन दिया जाएगा। कलेक्टर ने छात्रों को एडवांस कोडिंग और एआई (AI) कोर्सेज से जुड़ने का भी सुझाव दिया। इन 15 मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान समारोह में राज्य और जिला स्तर की प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले 15 विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इनमें थल वंदना मल्हारे (गौरव विद्या निकेतन रहटगांव), प्रवीण मालाकार (लक्ष्मी बाई विद्या मंदिर टिमरनी), हर्षिता चौरसिया (सनराइज स्कूल टिमरनी), तनवी शर्मा (तक्षशिला एकेडमी हरदा), शीतल राजपूत (शासकीय कन्या उमावि टिमरनी), दिशा राजपूत (रेड फ्लावर स्कूल नकवाड़ा), जय राठौड़ (शासकीय बालक उमावि टिमरनी), आयुषी शर्मा (मां शारदा विद्यापीठ हरदा), भूमि नागले (हरदा स्कूल आफ एजुकेशन), मोहित दुधे (डॉ. बी.आर. अंबेडकर उत्कृष्ट विद्यालय हरदा), सिमरन यादव (महर्षि ज्ञानपीठ स्कूल हरदा), निषाद (शासकीय कन्या उमावि सिराली) और फाल्गुनी भैसारे (इंपीरियल पब्लिक स्कूल खिरकिया) शामिल हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी डीएस रघुवंशी ने आभार व्यक्त किया। वहीं, सर्व शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम समन्वयक बलवंत पटेल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। देखिए सम्मान की तस्वीरें…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *