सतना जिले में दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप टेन सूची में जगह बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया। जिला प्रशासन की इस अनूठी पहल के तहत, सम्मान समारोह के बाद सभी विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बस से शहर के एक बड़े रेस्टोरेंट ले जाकर दोपहर का भोजन कराया गया। इस पहल की सभी ने सराहना की। जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह में कुल 17 बच्चों को सम्मानित किया गया। इनमें से 6 छात्रों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा में और 11 छात्रों ने बारहवीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, विद्यार्थियों के अभिभावक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। ये बच्चे हुए सम्मानित
हायर सेकेंडरी परीक्षा में गणित समूह से सत्य निकेतन स्कूल, नागौद की डाली पुरवार ने प्रदेश मैरिट में दूसरा स्थान हासिल किया। रामपुर बघेलान सरकारी स्कूल के मनेंद्र केवट ने तीसरा, सरस्वती कृष्ण नगर की रेशू मिश्रा ने चौथा, सरस्वती केशव नगर के श्रीजल पांडेय ने सातवां, उत्कृष्ट व्यंकट एक स्कूल के अमन कुमार गुप्ता ने नौवां स्थान प्राप्त किया। व्यंकट 1 स्कूल के नमन सिंह और सत्य निकेतन, नागौद की श्रेया अग्रवाल ने दसवां स्थान हासिल किया। वाणिज्य संकाय में स्कॉलर होम की सिमरन झावड़िया और सुरेंद्रपाल चित्रकूट की नंदनी गर्ग ने छठवां, जबकि प्राची कुशवाहा ने दसवां स्थान प्राप्त किया।
17 में से 11 मेधावी बेटियां
इसी तरह हाई स्कूल परीक्षा में सरकारी स्कूल राजरवार की अंजली तिवारी और शासकीय कन्या उचेहरा की पलक यादव ने सातवां स्थान प्राप्त किया। संदीपनी बगहा की कोशिकी द्विवेदी ने नौवां और गोलाहटा की अनामिका सिंह ने दसवां स्थान हासिल किया। जिले में इस बार भी बालिकाओं का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा, कुल 17 मेधावियों में से 11 छात्राएं प्रदेश की टॉप टेन सूची में शामिल हैं। जिला पंचायत सभागार में उनकी प्रतिभा का सम्मान किया गया और फिर बस में बैठकर पूरे शहर में भ्रमण कराया गया, इतना ही नहीं जिला प्रशासन ने सभी बच्चों, अभिभावको और उनके शिक्षकों के लिए शहर के एक बड़े रेस्टोरेंट में लंच पार्टी की भी व्यवस्था की। इस अनूठी पहल को न केवल छात्र छात्राओं ने सराह बल्कि अभिभावक भी खुश नजर आए।


