Rajasthan Accident : भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत, साथी डॉक्टर गंभीर घायल, कार के उड़े परखच्चे

Rajasthan Accident : भीषण सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत, साथी डॉक्टर गंभीर घायल, कार के उड़े परखच्चे

Pali Road Accident : पाली। शहर के टीपी नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक डॉक्टर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथी डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नया गांव रोड पर गुर्जर छात्रावास के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार डंपर और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों डॉक्टर बुरी तरह फंस गए। टक्कर के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हादसे में जालोर जिले के दांता (सांचौर) निवासी 34 वर्षीय डॉक्टर शैलेष विश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहे पाली जिले के धिंगाणा (जैतपुर) निवासी 30 वर्षीय डॉक्टर गौरव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सिर में गहरी चोट लगने के कारण उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

डंपर अचानक मुड़ने से हुआ हादसा

सूचना मिलते ही टीपी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन से दोनों को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, कार के साथ-साथ चल रहा डंपर अचानक मुड़ गया। कार चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन डंपर से जा भिड़ा। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

चार साल से पाली में दे रहे थे सेवाएं

मृतक डॉक्टर शैलेष विश्नोई ने वर्ष 2020-21 में नेपाल से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की थी और पिछले चार वर्षों से पाली में सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने बांगड़ अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्य किया और करीब छह माह पहले नया गांव रोड स्थित एक निजी अस्पताल से जुड़ गए थे। उनके असामयिक निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *