बलरामपुर में सड़क निर्माण कार्यों पर संकट गहरा गया है। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण वैश्विक परिस्थितियों के चलते बिटुमिन की कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे ठेकेदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) के तहत चल रहे कई निर्माण कार्य अब प्रभावित होने लगे हैं। ठेकेदारों के अनुसार, बिटुमिन की दरों में प्रति मीट्रिक टन लगभग 30 हजार रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। विभाग ने पूर्व निर्धारित दरों पर ही अनुबंध किए थे, जिसके कारण मौजूदा बढ़ी हुई लागत पर कार्य जारी रखना ठेकेदारों के लिए अव्यावहारिक हो गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अपनी परियोजनाओं के लिए 8 अप्रैल 2026 को जारी पॉलिसी सर्कुलर के माध्यम से राहत देने का निर्णय लिया है। ठेकेदारों ने इसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग से भी राहत प्रदान करने की मांग की है।
इसी मांग को लेकर बलरामपुर ठेकेदार वेलफेयर एसोसिएशन ने मुख्य अभियंता, देवी पाटन क्षेत्र, गोण्डा को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बढ़ी हुई बिटुमिन दरों के अनुरूप भुगतान सुनिश्चित करने और आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की गई है, ताकि सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और गति बनी रह सके। इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक अमजद खां, अध्यक्ष अमर सिंह, उपाध्यक्ष भानु कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार मिश्रा, महामंत्री विनय प्रकाश शुक्ला, मंत्री अखिलेश बहादुर सिंह, प्रवक्ता राकेश कुमार त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष अमित प्रीतम सिंधी और अनन्य गौरव मिश्र सहित कई सदस्य उपस्थित थे।


