मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में फीस बढ़ाने पर प्रदर्शन:एलबीएस कॉलेज में चला हस्ताक्षर अभियान, संविधान पढ़कर विरोध, उग्र आंदोलन की चेतावनी

मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में फीस बढ़ाने पर प्रदर्शन:एलबीएस कॉलेज में चला हस्ताक्षर अभियान, संविधान पढ़कर विरोध, उग्र आंदोलन की चेतावनी

गोंडा जिले के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय द्वारा बढ़ाए गए सेमेस्टर परीक्षा शुल्क का लगातार विरोध कर रहे हैं। वे तत्काल प्रभाव से बढ़ी हुई फीस वापस लेने की मांग कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के आज दूसरे दिन कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया है। सभी छात्र-छात्राओं ने पोस्टर पर अपने-अपने हस्ताक्षर करके बड़े हुए सेमेस्टर परीक्षा शुल्क वापस लिए जाने को लेकर के मांग की है। इसके साथ ही कई छात्रों ने विद्यालय परिसर के अंदर बने संविधान कक्ष में बैठकर भारतीय संविधान का अध्ययन किया और बढ़ी हुई सेमेस्टर परीक्षा शुल्क के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया है। छात्र नेता धीरेंद्र प्रताप मिश्र ने बताया कि वे प्रथम सेमेस्टर से ही अधिक परीक्षा शुल्क का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुल्क वृद्धि से छात्रों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मिश्र ने जोर देकर कहा कि यह एक सरकारी शिक्षण संस्थान है, जहां गरीब छात्र भी पढ़ने आते हैं। ऐसे में वे बढ़ी हुई सेमेस्टर परीक्षा शुल्क का भुगतान करने में असमर्थ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार परीक्षा शुल्क कम नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन और मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। धीरेंद्र प्रताप मिश्र ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का स्पष्ट निर्देश है कि परीक्षा शुल्क केवल शासनादेश में निर्धारित दरों के अनुसार ही लिया जाए। इसके बावजूद, मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय मनमाने ढंग से शुल्क वसूल रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सरकार ने बाबा साहेब की जयंती मनाने के लिए 403 करोड़ रुपये का बजट पारित किया है। मिश्र का कहना है कि यदि इस राशि का कुछ हिस्सा शिक्षा के लिए दिया गया होता, तो छात्रों पर यह आर्थिक बोझ नहीं पड़ता। उन्होंने जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *