जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के करसान मोहल्ले में रविवार शाम एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सकीना के रूप में हुई है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सकीना का मायका हमीरपुर जिले के मौदहा थाना क्षेत्र के राहिल गांव में है। मृतका के पिता रहीमुद्दीन के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी की शादी वर्ष 2024 में करसान निवासी चमन मंसूरी से की थी। शादी के बाद सकीना को एक चार माह का पुत्र हुआ था। परिजनों ने बताया कि डिलीवरी के बाद से ही सकीना की तबीयत खराब चल रही थी। रविवार शाम उसकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। मौत के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा। परिजनों की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।


