तुर्किये से 1 अरब डॉलर और देश की सबसे खूबसूरत लड़की से शादी की डिमांड, युगांडा आर्मी चीफ की अजीबो-गरीब मांग

तुर्किये से 1 अरब डॉलर और देश की सबसे खूबसूरत लड़की से शादी की डिमांड, युगांडा आर्मी चीफ की अजीबो-गरीब मांग

Uganda Army Chief Bizarre Demand From Turkey: अफ्रीकी देश युगांडा के सेना प्रमुख के एक बयान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद खड़ा कर दिया है। युगांडा के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज मुहूजी काइनरुगाबा ने तुर्किये के सामने एक बेहद असामान्य और विवादित मांग रख दी है, जिसमें उन्होंने 1 अरब डॉलर के साथ-साथ तुर्किये की सबसे खूबसूरत महिला से शादी कराने की बात कही है।

1 अरब डॉलर के साथ खूबसूरत दुल्हन की मांग

मुहूजी काइनरुगाबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई पोस्ट करते हुए तुर्किये से 1 अरब डॉलर की मांग की है। उन्होंने कहा कि सोमालिया में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में युगांडा ने वर्षों तक बड़ी भूमिका निभाई है, इसलिए यह राशि सिक्योरिटी डिविडेंड के रूप में दी जानी चाहिए।

इसी के साथ उन्होंने एक और व्यक्तिगत मांग जोड़ते हुए लिखा कि तुर्किये को अपने देश की सबसे खूबसूरत महिला को उनकी पत्नी के रूप में भेजना चाहिए।

30 दिन का अल्टीमेटम

काइनरुगाबा ने चेतावनी भी दी कि अगर 30 दिनों के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो युगांडा तुर्किये के साथ अपने कूटनीतिक संबंध खत्म कर सकता है। उन्होंने कहा कि तुर्किये का दूतावास बंद किया जा सकता है, साथ ही तुर्की एयरलाइंस की उड़ानों पर भी रोक लगाई जा सकती है।

उन्होंने युगांडा के नागरिकों को तुर्किये की यात्रा से बचने की सलाह भी दी और तुर्किये पर ‘पीठ में छुरा घोंपने’ का आरोप लगाया है।

सोमालिया मिशन को दिलाया याद

युगांडा लंबे समय से अफ्रीकी संघ के मिशन के तहत सोमालिया में अल-शबाब जैसे आतंकी संगठनों के खिलाफ अभियान में शामिल रहा है। काइनरुगाबा का आरोप है कि जहां तुर्किये ने बुनियादी ढांचे और व्यापार से फायदा उठाया, वहीं सुरक्षा का भारी बोझ युगांडा ने उठाया।

पहले भी दे चुके हैं ऐसे बयान

यह पहली बार नहीं है जब काइनरुगाबा अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में आए हैं। साल 2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से शादी के लिए 100 गायों का प्रस्ताव दिया था। इसके साथ ही उन्होंने केन्या पर हमला करने जैसी धमकी भी दी थी, जिसके बाद युगांडा सरकार को माफी मांगनी पड़ी थी।

बयान के बाद बढ़ा विवाद का खतरा

काइनरुगाबा के ताजा बयान से युगांडा और तुर्किये के रिश्तों में तनाव बढ़ सकता है। हालांकि, अभी तक तुर्किये या सोमालिया की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। युगांडा सरकार ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये बयान देश की आधिकारिक नीति का हिस्सा हैं या फिर सेना प्रमुख की निजी राय है।

इसके अलावा, उन्होंने इजरायल के समर्थन में बड़ा बयान देते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो वह 1 लाख युगांडाई सैनिक भेजने को तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *