छतरपुर पुलिस कार्यालय में ड्यूटी के दौरान प्रधान आरक्षक गणेश सिंह गौतम को अचानक सीने में तेज दर्द उठा। महिला सुरक्षा शाखा में पदस्थ गौतम की तबीयत बिगड़ने पर साथी कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए प्रधान आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिससे उनकी हालत को स्थिर करने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और सीएसपी अरुण सोनी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से प्रधान आरक्षक के उपचार की पूरी जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए।
डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर किया डॉक्टरों ने प्रधान आरक्षक की स्थिति को गंभीर बताया और बेहतर उपचार के लिए उन्हें ग्वालियर रेफर करने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से ग्वालियर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, ग्वालियर में उपचार के दौरान उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है। पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं और पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। सीएसपी अरुण सोनी ने बताया कि प्रधान आरक्षक को अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


