जीवाजी विश्वविद्यालय ने यूजी फोर्थ ईयर ( बीए, बीकॉम, बीएससी ऑनर्स/ रिसर्च ) के नियमित छात्रों के लिए ‘अल्टीमेटम’ जारी कर दिया है। यदि ऐसे छात्रों ने सत्र 2024-25 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत अपनी पढ़ाई पूरी की है और अब चौथे वर्ष (2025-26) में प्रवेश ले चुके हैं तो ऐसे छात्र एमपी-ऑनलाइन पोर्टल पर अपना प्रोफाइल और रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। ऐसे नहीं करने पर उन्हें आगामी परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति कतई नहीं दी जाएगी। छात्रों को ₹300 विलम्ब शुल्क के साथ रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 11 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। शुल्क संरचना के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल या जीवाजी विवि क्षेत्र के छात्रों को ₹200 और अन्य राज्यों या बोर्ड के छात्रों को ₹400 का भुगतान करना होगा। रजिस्ट्रेशन के लिए छात्रों को 10वीं/12वीं की अंकसूची (जन्म तिथि प्रमाण), स्नातक तृतीय वर्ष की स्व-प्रमाणित अंकसूची, और यदि लागू हो तो माइग्रेशन, पात्रता या गैप सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज साथ रखने होंगे। विश्वविद्यालय ने प्राचार्यों को भी निर्देशित किया है कि वे छात्रों के आवेदन प्राप्त होते ही अगले कार्य दिवस में नामांकन शाखा में जमा कराएं।


