संभल पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने कथित तौर पर अपने इकलौते बेटे के सामने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की थी। इस मामले में मृतका के मामा की शिकायत पर पति और उसकी भाभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। चंदौसी कोतवाली पुलिस ने रविवार को गांव रामनगर निवासी पान सिंह पुत्र रमेश को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अनुज तोमर ने बताया कि मृतका के मामा प्रमोद कुमार की शिकायत पर पान सिंह और उसकी भाभी गुड्डो पत्नी वेद प्रकाश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीते गुरुवार की रात पान सिंह ने अपनी भाभी गुड्डो से कथित नाजायज संबंधों के चलते पत्नी गौरी कश्यप (32) की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना शुक्रवार दोपहर 12 बजे मृतका के मामा को मिली थी। गौरी कश्यप पान सिंह की पत्नी और रामनगर गांव की निवासी थीं। मृतका के आठ वर्षीय बेटे देवू ने अपने मामा को बताया कि उसके पिता ने मां को पूरी रात पीटा था और बार-बार उस पर पानी डालकर यह जांच रहे थे कि वह जीवित है या नहीं। बेटे ने यह भी बताया कि मां की मौत देखकर वह बहुत घबरा गया था। जनपद अमरोहा के गजरौला क्षेत्र के ज्योति नगर निवासी रामचंद्र कश्यप ने लगभग नौ साल पहले अपनी बेटी गौरी की शादी पान सिंह से की थी। गौरी के मामा प्रमोद कुमार पुत्र कल, निवासी रायसत्ती, चंदौसी ने पुलिस को इस घटना की सूचना दी थी। जब वह ससुराल पहुंचे, तो गौरी मृत अवस्था में जमीन पर पड़ी थीं और उनके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) कुलदीप सिंह ने बताया कि महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट लगने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


