कौशांबी में एक तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के कोटिया गांव के पास हुई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान प्रयागराज के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के शेरपुर पोस्ट जलालपुर घोसी निवासी अंशू पाल (45) पुत्र मोहन पाल के रूप में हुई है। अंशू पाल किसी काम से सराय अकिल आए थे। बुधवार रात लगभग 9 बजे घर लौटते समय उनकी तेज रफ्तार बाइक कोटिया गांव के समीप भगवान विष्णु स्कूल के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशू पाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने सराय अकिल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बाइक के कागजात और मृतक के मोबाइल फोन से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों को सूचित किया। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। सराय अकिल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


