सोनीपत पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में दो साल से फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जुआ गांव निवासी अजय (वर्तमान पता मलिक कॉलोनी, सोनीपत) के रूप में हुई है। उस पर हेरोइन सप्लाई करने का आरोप है। यह मामला 1 फरवरी 2024 का है, जब एंटी नारकोटिक स्टाफ सोनीपत के सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ गोहाना रोड स्थित औम स्कूटर एजेंसी के पास फ्लाईओवर के नीचे से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा था। उनकी पहचान जुआ गांव निवासी दीपक (हाल चौहान कॉलोनी, सोनीपत) और रभड़ा गांव निवासी रितिक (हाल शास्त्री कॉलोनी, सोनीपत) के रूप में हुई थी। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों के पास से कुल 12.64 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई थी। पूछताछ में दीपक और रितिक ने बताया था कि उन्होंने यह हेरोइन एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी। इस संबंध में थाना शहर सोनीपत में मादक द्रव्य निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान, थाना शहर सोनीपत में नियुक्त सहायक उपनिरीक्षक गिरीश और उनकी टीम ने छापेमारी कर घटना में संलिप्त तीसरे आरोपी अजय को गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि अजय ने ही दीपक और रितिक को हेरोइन की सप्लाई की थी। गिरफ्तार आरोपी अजय को कोर्ट पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


